Hardoi husband wife dispute: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पति-पत्नी के बीच विवाद का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक महिला ने अपने पति पर मारपीट करने और उसकी नाक काटने का आरोप लगाया है. महिला का दावा है कि विवाद के दौरान उसके सास-ससुर ने उसके हाथ पकड़ रखे थे और पति ने उसके सिर पर हमला करने के बाद उसे नाली में फेंक दिया. हालांकि, पति के परिवार ने महिला के आरोपों से अलग घटनाक्रम बताया है. पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है.
ढाई महीने बाद अचानक पति के घर पहुंची महिला
पुलिस के मुताबिक, साधना करीब ढाई महीने पहले अपने प्रेमी के साथ रहने के लिए पति का घर छोड़कर चली गई थी. गुरुवार को वह अचानक पड़ोसी की छत से कूदकर अपने पति के घर पहुंची. उसके अचानक लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया. सांडी थाने के एसएचओ पुष्पराज के मुताबिक, विवाद के दौरान दीपक ने कथित तौर पर साधना के साथ मारपीट की और उसकी नाक काट ली. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई. पुलिस ने दीपक को हिरासत में ले लिया.
महिला ने लगाए सास-ससुर पर भी आरोप
साधना ने आरोप लगाया कि पति ने उसके सिर पर हमला किया और नाक काटने के बाद उसे नाली में फेंक दिया. उसका यह भी दावा है कि हमले के दौरान उसके सास-ससुर ने उसके हाथ पकड़ रखे थे. पुलिस ने घायल महिला को पहले सांडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगे के इलाज के लिए हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.
पति के परिवार ने बताई अलग कहानी
दूसरी ओर, दीपक के परिवार ने साधना के आरोपों से अलग घटनाक्रम बताया है. दीपक की मां का दावा है कि साधना करीब ढाई महीने पहले इलाके के एक युवक के साथ चली गई थी. परिवार के मुताबिक, वह युवक दीपक का दोस्त भी था. उस समय पुलिस को मामले की जानकारी दी गई थी और बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था. दीपक की मां का आरोप है कि साधना गुरुवार को अचानक वापस आई और बच्चों को अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगी. इसी बात को लेकर विवाद हुआ. परिवार का दावा है कि इस दौरान साधना ने दीपक के प्राइवेट पार्ट्स पर काट लिया और बाद में जमीन पर सिर पटककर खुद को घायल कर लिया.
तीन बेटियों की मां है साधना
साधना और दीपक की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी. दोनों की तीन बेटियां हैं, जिनकी उम्र आठ, छह और तीन साल है. पुलिस के अनुसार, साधना की ओर से अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, जबकि दीपक की मां ने शिकायत दी है. पुलिस का कहना है कि मामले के दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है. घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.