Jharkhand Murder: झारखंड के गोड्डा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक घटना ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. एक महिला पर अपने आठ साल के बेटे और रिश्तेदार के 11 वर्षीय बच्चे की हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, दोनों बच्चों के शव एक कुएं से बरामद किए गए हैं. मामले की जांच के दौरान महिला को गिरफ्तार किया गया है. शुरुआती पूछताछ में उसने कथित तौर पर इस कदम के पीछे अपने पति और ससुराल वालों से बदला लेने की बात कही है.
दुर्गा पूजा का मेला देखने निकले थे सभी
पुलिस के अनुसार, यह मामला 19 अक्टूबर का है. राखी कुमारी अपने पति विक्रम सिंह, आठ साल के बेटे अरब कुमार और रिश्तेदार के 11 वर्षीय बच्चे आयुष कुमार के साथ दुर्गा पूजा का मेला देखने दुमका गई थी. इसी दौरान महिला और दोनों बच्चे लापता हो गए. काफी तलाश के बाद भी जब उनका पता नहीं चला, तो विक्रम सिंह ने अगले दिन दुमका नगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. विक्रम सिंह पाकुड़ जिले के रहने वाले हैं.
कुएं में मिले दोनों बच्चों के शव
मामले की जांच के दौरान पुलिस को दोनों बच्चों के शव महिला के मायके वाले गांव में स्थित एक कुएं से मिले. इस बरामदगी के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी और राखी कुमारी को उसके मायके से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी बृहस्पतिवार को की गई. दुमका नगर थाना प्रभारी प्रियंका आनंद ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ के दौरान महिला ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह दोनों बच्चों को अपने मायके ले गई थी और वहां उन्हें कुएं में धकेल दिया.
ससुराल से विवाद को बताया वजह
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में राखी ने अपने पति और ससुराल वालों से बदला लेने की बात कही. उसका आरोप था कि ससुराल में उसे परेशान किया जाता था. फिलहाल, दोनों बच्चों की मौत के मामले में हत्या समेत तमाम धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें: नीले ड्रम हत्याकांड में नया मोड़, फांसी की सजा के खिलाफ हाई कोर्ट पहुंचे मुस्कान और साहिल