Maharashtra Crime: नवी मुंबई के रबाले एमआईडीसी क्षेत्र के यादवनगर में पुराने विवाद को लेकर एक युवक की चाकू से वार कर हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. इस घटना में दिवाकर यादव नामक युवक की मौत हो गई. मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा आरोपी घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है.
बताया जा रहा है कि दिवाकर यादव और योगेश जायसवाल सालों पहले एकसाथ सामाजिक कार्यक्रम किया करते थे. इसके बाद दिवाकर का एरिया में ज्यादा नाम हो गया. ऐसे में दोनों के बीच आपस में जलन होने लगी.
दोनों गुटों के बीच हुई मारपीट
गुरुवार रात दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दोनों गुटों के बीच मारपीट शुरू हो गई. इसी दौरान दिवाकर यादव पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई.
तीसरे आरोपी का चल रहा इलाज
दिवाकर के पिता की शिकायत के आधार पर रबाले एमआईडीसी पुलिस ने योगेश जयस्वाल, कृष्णा सिंह और विवेक यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी घायल होने के कारण अस्पताल में भर्ती है. वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक देवदास कठाले ने बताया कि उसे उपचार पूरा होने के बाद गिरफ्तार किया जाएगा.
आपसी रंजिश की भूमिका की भी हो रही जांच
इस घटना के पीछे आर्थिक विवाद के साथ-साथ आपसी रंजिश की भूमिका की जांच की जा रही है. हालांकि, दिवाकर की तरक्की से आरोपी नाराज थे या इसी वजह से हत्या की गई, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.