Mumbai Obscene Videos Case: महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाड़ा इलाके से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. अमरावती से सामने आए वीडियो कांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. यहां से सोशल मीडिया पर 350 से ज्यादा अश्लील वीडियो वायरल हुए हैं. इनमें कई लड़कियों के साथ आपत्तिजनक हरकतें दिखाई गई हैं. दावा है इस अश्लीलता में करीब 180 लड़कियों को फंसाया गया है. इसमें कई नाबालिग लड़कियां भी शामिल हैं. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद अयान उर्फ तनवीर को गिरफ्तार कर लिया है. तनवीर अहमद अमरावती के परतवाड़ा का रहने वाला है.
11 अप्रैल को जब कुछ लड़कियों की अश्लील तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तनवीर को गिरफ्तार किया गया. कोर्ट ने आरोपी को 21 अप्रैल तक के लिए कस्टडी में भेज दिया है. इस मामले में पुलिस की जांच हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं. इस बीच आरोपियों की साजिश का भी खुलासा हुआ है कि वह किस तरह से 16-17 साल की लड़कियों को अपना शिकार बनाता था.
कैसे दर्जनों लड़कियों को बनाया शिकार?
पुलिस के अनुसार, आरोपी तनवीर अहमद ने लड़कियों को फंसाने के लिए प्रेम का झांसा देता था. आरोप है कि आरोपी पहले युवतियों को अपने बहला फुसलाकर प्रेम जाल में फंसाकर उनका भरोसा जीतता था. फिर कुछ लड़कियों मुंबई और पुणे ले जाता था, जहां पर बिना उनकी सहमति के अश्लील वीडियो रिकॉर्ड करता था. इतना ही नहीं, फिर वह उन अश्लील वीडियो का इस्तेमाल करके युवतियों को ब्लैकमेल करता था. आरोपी ने रिकॉर्ड किए गए अश्लील वीडियोज को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और अन्य जगहों पर शेयर कर दिया है. फिलहाल पुलिस इन सभी अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया से हटा रही है. दावा है कि आरोपी के पास मासूम लड़कियों की 350 से ज्यादा अश्लील वीडियो हैं, जिनमें कई नाबालिग भी शामिल हैं.
इस अश्लील कांड के पीछे बड़ा नेटवर्क!
पुलिस ने जांच करते हुए इस मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. उसकी पहचान उजेर खान इकबाल खान (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई है. आरोप है कि इसी आरोपी ने तनवीर के मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो डाउनलोड किए, जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. माना जा रहा है कि उजेर खान से पूछताछ में जरूरी जानकारी मिल सकती है. पुलिस का कहना है कि इस गंभीर मामले में आरोपियों का बड़ा नेटवर्क भी हो सकता है. पुलिस लगातार इस मामले की जांच कर रही है.
SIT की मांग
अब इस मामले में नेताओं ने भी दखल देना शुरू कर दिया है. अचलपुर क्षेत्र के नेताओं ने इस मामले की गहराई से जांच की मांग की है. इतना ही नहीं, कुछ नेताओं ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम यानी SIT बनाने की भी मांग की है. उनका कहना है कि पुलिस को इस गंभीर मामले की तह तक जाना चाहिए, जिससे सारी सच्चाई सामने आ सके.