Diwali 2026 Kab Hai: दिवाली का त्योहार हिंदू धर्म के सबसे बड़े और खास पर्वों में से एक है. इस दिन लोग अपने घरों को दीपों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाते हैं, मिठाइयां बांटते हैं और माता लक्ष्मी तथा भगवान गणेश की पूजा करते हैं. लेकिन साल 2026 में दिवाली की तारीख को लेकर लोगों के मन में सवाल है कि त्योहार 8 नवंबर को मनाया जाएगा या 9 नवंबर को. पंचांग के अनुसार, दिवाली रविवार, 8 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी. इस दिन कार्तिक अमावस्या तिथि के दौरान शाम को लक्ष्मी-गणेश पूजन किया जाएगा. अमावस्या तिथि 8 नवंबर को सुबह शुरू होकर 9 नवंबर को दोपहर में समाप्त होगी.
दिवाली 8 नवंबर को ही क्यों मनाई जाएगी?
हिंदू पंचांग में दिवाली की तारीख तय करने के लिए कार्तिक अमावस्या तिथि और सूर्यास्त के बाद के प्रदोष काल को महत्वपूर्ण माना जाता है. साल 2026 में अमावस्या तिथि 8 नवंबर को सुबह 11:27 बजे शुरू होगी और 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे समाप्त होगी. इसलिए दिवाली का मुख्य त्योहार 8 नवंबर, रविवार को मनाया जाएगा.
लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त
दिल्ली में दिवाली के दिन माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा का प्रमुख शुभ मुहूर्त शाम 5:54 बजे से रात 7:50 बजे तक रहेगा. इसकी कुल अवधि 1 घंटा 56 मिनट है. ध्यान रखें कि लक्ष्मी पूजा का मुहूर्त शहर के अनुसार कुछ मिनट अलग हो सकता है. इसलिए अपने शहर के पंचांग के अनुसार पूजा का समय जरूर जांच लें.
दिवाली पर क्यों होती है लक्ष्मी-गणेश की पूजा?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, दिवाली पर माता लक्ष्मी की पूजा सुख, समृद्धि और धन-धान्य की कामना के लिए की जाती है. भगवान गणेश की पूजा शुभ शुरुआत और विघ्नों को दूर करने के लिए होती है. इस दिन लोग घरों की सफाई करते हैं, दीपक जलाते हैं और परिवार के साथ त्योहार मनाते हैं.