90 का दशक हिंदी सिनेमा का सुनहरा दौर माना जाता है, जहां सिर्फ फिल्मों की कहानियां ही नहीं बल्कि कलाकारों का फैशन भी लोगों के दिलों पर राज करता था. उस समय की तीन दिग्गज एक्ट्रेसेज- श्रीदेवी, माधुरी दीक्षित और जूही चावला अपने अंदाज और खूबसूरती के लिए जानी जाती थीं. दिलचस्प बात ये है कि इन तीनों ने अलग-अलग फिल्मों और गानों में एक जैसी ऑरेंज साड़ी पहनकर एक फैशन ट्रेंड सेट कर दिया था, जो आज भी याद किया जाता है.
श्रीदेवी की साड़ी
तेलुगु फिल्म S P Parashuram में श्रीदेवी ने ऑरेंज साड़ी पहनकर अपने लुक से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया था. इस साड़ी को नेशनल अवॉर्ड विजेता डिजाइनर नीतू लुल्ला ने डिजाइन किया था. साड़ी का सिंपल लेकिन एलिगेंट स्टाइल श्रीदेवी की खूबसूरती को और निखारता था, जो उस दौर में काफी लोकप्रिय हुआ.
माधुरी दीक्षित का ‘धक-धक’ अंदाज
जब भी ऑरेंज साड़ी की बात होती है, तो फिल्म बेटा का फेमस गाना Dhak Dhak Karne Laga याद आ जाता है. इस गाने में माधुरी दीक्षित ने अपनी अदाओं और डांस से ऐसा जादू बिखेरा कि वो साड़ी फैशन आइकन बन गई. इस खास साड़ी को फेमस डिजाइनर अन्ना सिंह ने डिजाइन किया था. माधुरी का ये लुक आज भी स्टाइल स्टेटमेंट माना जाता है.
जूही चावला का ‘डर’ वाला चार्म
फिल्म ‘डर’ के ‘ऑब्सेशन डांस’ में जूही चावला ने भी ऑरेंज साड़ी पहनकर अपने चुलबुले अंदाज से लोगों का दिल जीत लिया था. इस साड़ी को भी डिजाइन किया था नीतू लुल्ला ने. जूही का ये लुक उनकी मासूमियत और ग्रेस को खूबसूरती से दिखाता है.
तीन पर्सनैलिटी का अलग रंग
तीनों एक्ट्रेसेज ने एक ही रंग ऑरेंज को अपने-अपने अलग अंदाज में पेश किया. जहां श्रीदेवी ने इसे सादगी के साथ कैरी किया, वहीं माधुरी ने इसे ग्लैमरस और बोल्ड बनाया और जूही ने इसमें अपनी चुलबुली पर्सनैलिटी का रंग भरा. यही वजह है कि ये ट्रेंड आज भी फैशन प्रेमियों के बीच चर्चा में रहता है.
90 के दशक की इन तीनों एक्ट्रेसेज ने ये साबित कर दिया कि एक ही रंग और स्टाइल को अलग-अलग तरीके से प्रस्तुत कर उसे आइकॉनिक बनाया जा सकता है. उनकी ये ऑरेंज साड़ी आज भी फैशन इंडस्ट्री और सिनेमा प्रेमियों के लिए प्रेरणा बनी हुई है.