बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल ने अपनी लॉन्गटाइम गर्लफ्रेंड गैब्रिएला डेमेट्रिएड्स के साथ गोवा में कोर्ट मैरिज कर ली है. इस दौरान उनके कुछ करीबी दोस्त भी मौजूद रहे.
पीटीआई के मुताबिक, दोनों ने उत्तरी गोवा के मापुसा में स्थित सब-रजिस्ट्रार दफ्तर पहुंचकर शादी की कागजी कार्रवाई पूरी की. स्थानीय कानून के तहत पहली और दूसरी साइन के बीच 15 दिनों का वेटिंग पीरियड होता है, जिसे हटाने के लिए कपल ने स्थानीय अदालत के सहायक लोक अभियोजक से विशेष अनुमति ली थी.
सब-रजिस्ट्रार सूरज वर्नेकर ने बताया कि दोनों की शादी गोवा के यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के तहत रजिस्टर हुई है. अर्जुन और गैब्रिएला शाम करीब 4 बजे बहुत ही सादे कपड़ों में दफ्तर पहुंचे थे.
अर्जुन रामपाल और गैब्रिएला साल 2018 से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं. इससे पहले अर्जुन का अपनी पहली पत्नी मेहर जेसिया से तलाक हुआ था. शादी के बंधन में बंधने से पहले ही अर्जुन और गैब्रिएला के दो बेटे हैं. साल 2019 में उनके बड़े बेटे अरिक का जन्म हुआ था, और इसके चार साल बाद छोटे बेटे अरिव का जन्म हुआ. साल 2025 में अर्जुन ने गैब्रिएला के साथ अपनी सगाई का ऐलान किया था.
शादी को लेकर क्या सोचते थे अर्जुन?
इससे पहले रणवीर अल्लाहबादिया के यूट्यूब शो में अर्जुन ने बताया था कि दो बच्चे होने के बाद भी उन्होंने शादी क्यों नहीं की थी.
अर्जुन ने कहा था, ‘यह सिर्फ मेरे या उनके विचार की बात नहीं है. आखिर शादी क्या है? सिर्फ एक कागज का टुकड़ा ही तो है. मेरे मन में कोई शक नहीं है कि हम पहले से ही शादीशुदा हैं. लेकिन कई बार वह कागजी कार्रवाई इंसान को बदल देती है, क्योंकि आपको लगता है कि सब कुछ पक्का हो गया, जबकि यह सिर्फ कानूनी जुड़ाव होता है.’
उन्होंने आगे कहा था, ‘इससे एक-दूसरे के प्रति नजरिया बदल सकता है. हम दोनों ऐसा ही महसूस करते हैं. हमारे बीच जो कुछ भी हुआ, बहुत स्वाभाविक तरीके से हुआ. मैं इसे नजर नहीं लगाना चाहता, इसलिए ज्यादा बात नहीं करता. मुझे किसी को सफाई देने की जरूरत महसूस नहीं होती. हमारे लिए यह रिश्ता खूबसूरत है. हम दोनों एक-दूसरे को आगे बढ़ने में मदद करते हैं और साथ ही बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड की तरह रहते हैं.’
हालांकि, अर्जुन रामपाल ने यह भी साफ किया था कि वह शादी जैसी परंपरा या संस्था के खिलाफ बिल्कुल नहीं हैं.