Arun Govil: जिस चेहरे को देखकर कभी करोड़ों लोगों ने भगवान राम को अपनी आंखों के सामने महसूस किया था, वही चेहरा अब अयोध्या के उस राजा के रूप में नजर आने वाला है, जिसके घर राम ने जन्म लिया था. अरुण गोविल ने टीवी की ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाकर ऐसी पहचान बनाई, जिसे आज भी दर्शक भुला नहीं पाए हैं. अब नितेश तिवारी की बहुचर्चित फिल्म ‘रामायणम्’ में वह राजा दशरथ की भूमिका निभाते दिखाई देंगे. फिल्म से उनका पहला लुक सामने आते ही यह कास्टिंग चर्चा का विषय बन गई है.
राजा दशरथ बनेंगे अरुण गोविल
‘रामायणम्’ के मेकर्स ने सोशल मीडिया पर अरुण गोविल का खास पोस्टर जारी किया है. इसमें वे राजा दशरथ के शाही अंदाज में नजर आ रहे हैं. उनका पहनावा, मुकुट और व्यक्तित्व अयोध्या के राजा की गरिमा को दिखाता है. हालांकि, इस पोस्टर की सबसे खास बात उनका लुक नहीं बल्कि उनके किरदार का भगवान राम से जुड़ा होना है. अरुण गोविल को दर्शकों ने लंबे समय तक भगवान राम के रूप में देखा है. ऐसे में अब उन्हें राम के पिता दशरथ की भूमिका में देखना अपने आप में बेहद दिलचस्प अनुभव होने वाला है.
मेकर्स ने खास अंदाज में किया ऐलान
फिल्म के निर्माताओं ने अरुण गोविल के पोस्टर को शेयर करते हुए उनके पुराने जुड़ाव का भी जिक्र किया. मेकर्स ने बताया कि उन्होंने एक दौर में पूरी पीढ़ी के लिए राम के किरदार को जीवंत किया था और अब वह अयोध्या के राजा के रूप में ‘रामायण’ की दुनिया में लौट रहे हैं.
सितारों से सजी है ‘रामायणम्’
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म को दो हिस्सों में रिलीज किया जाएगा. ‘रामायणम्’ का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में आएगा. वहीं दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज होगा. फिल्म हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज की जाएगी.