Udta Teer: करण जौहर के प्रोडक्शन में बनी फिल्म ‘उड़ता तीर’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर रही है. फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और भारत में इसकी ग्रॉस कमाई 50 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है. यह एक स्पाई कॉमेडी फिल्म है, जिसमें आयुष्मान खुराना और सारा अली खान मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं. इनके अलावा गुलशन ग्रोवर, राम कपूर, राहुल बोस और मुकुल देव जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं. फिल्म की सफलता के बीच इसके डायरेक्टर आकाश कौशिक ने बताया है कि आखिर उन्हें इस अनोखी फिल्म को बनाने का आइडिया कहां से आया था. उन्होंने यह भी बताया कि अपनी पहली फिल्म को लेकर उनके मन में शुरुआत में काफी डर था.
कैसे आया ‘उड़ता तीर’ बनाने का आइडिया?
फिल्म के डायरेक्टर आकाश कौशिक ने फ्री प्रेस जर्नल को दिए इंटरव्यू में फिल्म की कहानी के पीछे की सोच के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि उन्हें बचपन से ही देशभक्ति पर बनी फिल्में देखना पसंद रहा है. सनी देओल की फिल्म ‘बॉर्डर’ उनकी पसंदीदा फिल्मों में से एक है. आकाश के मुताबिक, उन्होंने हमेशा फिल्मों में भारतीय हीरोज को ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारे लगाते देखा है. ऐसे ही एक विचार से उनके मन में ख्याल आया कि क्यों न पड़ोसी देशों के लोगों से भी ये नारे लगवाए जाएं. यहीं से उन्हें ‘उड़ता तीर’ की कहानी का आइडिया मिला. डायरेक्टर ने बताया कि उन्हें शुरुआत से ही लगा था कि यह एक अलग तरह का कॉन्सेप्ट है और दर्शकों को पसंद आ सकता है.
पहली फिल्म को लेकर था काफी डर
‘उड़ता तीर’ आकाश कौशिक की बतौर डायरेक्टर पहली फिल्म है. उन्होंने बताया कि पहली फिल्म बनाना उनके लिए आसान नहीं था. एक लेखक के तौर पर भी उन्हें शुरुआत में अपनी पहचान बनाने और लोगों का भरोसा जीतने में समय लगा था. हालांकि, इस फिल्म के दौरान उन्हें ऐसे प्रोड्यूसर्स और कलाकारों का साथ मिला, जिन्होंने उनकी सोच पर भरोसा किया. आकाश के मुताबिक, शुरुआत में सभी के मन में थोड़ा डर था, लेकिन पूरी टीम ने उनका साथ दिया.
कॉमेडी, एक्शन और सस्पेंस से भरपूर है फिल्म
आकाश कौशिक ने बताया कि ‘उड़ता तीर’ कोई साधारण फिल्म नहीं है. इसमें कॉमेडी के साथ सस्पेंस, एक्शन और कई दिलचस्प ट्विस्ट देखने को मिलते हैं. फिल्म की कहानी अलग-अलग जॉनर के बीच आगे बढ़ती है, जिसकी वजह से इसे बनाना भी एक चुनौती थी. डायरेक्टर ने कहा कि फिल्म को मिल रहे प्यार और दर्शकों के अच्छे रिस्पॉन्स से वह काफी खुश हैं.
50 करोड़ के पार पहुंची फिल्म की कमाई
फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत और दर्शकों की प्रतिक्रिया ने पूरी टीम को उत्साहित किया है. भारत में फिल्म की ग्रॉस कमाई 50 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है. पहली ही फिल्म से बतौर डायरेक्टर आकाश कौशिक को मिली इस सफलता ने उनके लिए आगे की राह भी दिलचस्प बना दी है.