Bigg Boss 20 Grand Finale: कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार का चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. शो में कंटेस्टेंट्स के बीच लड़ाई, दोस्ती और रिश्तों को लेकर खूब ड्रामा देखने को मिल रहा है. इसी बीच शो के फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट्स में ‘बिग बॉस 20’ के ग्रैंड फिनाले की संभावित तारीख बताई जा रही है. हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी तक इस तारीख की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
इस दिन हो सकता है ‘बिग बॉस 20’ का ग्रैंड फिनाले
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘बिग बॉस 20’ का ग्रैंड फिनाले 20 दिसंबर को टेलीकास्ट हो सकता है. अगर ऐसा होता है, तो दर्शकों को जल्द ही इस सीजन का विजेता मिल जाएगा. शो की शुरुआत 6 सितंबर को हुई थी और अब कंटेस्टेंट्स के बीच ट्रॉफी जीतने की जंग तेज होती जा रही है. हालांकि, ग्रैंड फिनाले की तारीख को लेकर अभी सिर्फ कयास लगाए जा रहे हैं. चैनल और शो के मेकर्स ने अब तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. ऐसे में दर्शकों को पक्की जानकारी के लिए आधिकारिक ऐलान का इंतजार करना होगा.
रोहित शेट्टी के बयान से शुरू हुई चर्चा
हाल ही में वीकेंड का वार एपिसोड में सलमान खान की जगह फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी ने शो की मेजबानी की. इस दौरान उन्होंने कंटेस्टेंट्स को उनकी अब तक की जर्नी के बारे में बताया. रोहित शेट्टी ने कहा कि घर के सदस्य अपनी बिग बॉस जर्नी का आधा सफर पूरा कर चुके हैं और विजेता के नाम का ऐलान होने में करीब आठ हफ्ते बाकी हैं. उनके इस बयान के बाद से ही ग्रैंड फिनाले की तारीख को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं. इसी आधार पर 20 दिसंबर की तारीख को संभावित माना जा रहा है.
घर में रिश्तों और झगड़ों का बढ़ा ड्रामा
रोहित शेट्टी की मेजबानी वाले एपिसोड में भी खूब विवाद देखने को मिला. स्काउट ओपी और लव गिल के रिश्ते को लेकर सवाल उठे. इसके बाद स्काउट की गर्लफ्रेंड काशवी हिरानंदानी शो में पहुंचीं और उन्होंने अपनी बात रखी. वहीं, लव ने अपने करियर को नुकसान पहुंचाने के लिए स्काउट को जिम्मेदार ठहराया. दूसरी ओर, किचन में खाना बनाने की जिम्मेदारी को लेकर माही विज और आम्रपाली दुबे के बीच भी तीखी बहस देखने को मिली.
ये भी पढ़ें: Bigg Boss 20: ‘मेरी तरस से सच्चा था…’, स्काउट के सामने टूटकर बिखर गई लव गिल; बिग बॉस में अब तक नहीं देखा होगा ऐसा रूप
कौन बनेगा इस सीजन का विनर?
‘बिग बॉस 20’ में जैसे-जैसे फिनाले नजदीक आने की चर्चा बढ़ रही है, वैसे-वैसे कंटेस्टेंट्स के बीच मुकाबला भी दिलचस्प होता जा रहा है. अब देखना होगा कि कौन अपनी रणनीति और खेल के दम पर दर्शकों का दिल जीतता है. फिलहाल, ग्रैंड फिनाले की तारीख और विजेता को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.