Dada Saheb Phalke Awards: फिल्मों से लेकर वेब सीरीज और कॉमेडी की दुनिया तक, मनोरंजन जगत के कई बड़े नामों के लिए शुक्रवार का दिन खास रहा. ‘दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स 2026’ की लिस्ट जारी कर दी गई है. इस बार आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं. फिल्म को बेस्ट फिल्म चुना गया. वहीं इसके लिए रणवीर सिंह को बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला. इसके अलावा फिल्म ‘सैयारा’ से पहचान बनाने वाली अनीत पड्डा को बेस्ट एक्ट्रेस का सम्मान दिया गया है.
खास बात यह है कि इस बार अवॉर्ड लिस्ट में सिर्फ बॉलीवुड सितारों का ही नाम नहीं है. कॉमेडियन समय रैना, कमल हासन, टेलर स्विफ्ट और हॉलीवुड फिल्ममेकर जेम्स कैमरून जैसे अंतरराष्ट्रीय और भारतीय कलाकारों को भी अलग-अलग श्रेणियों में जगह मिली है.
‘धुरंधर’ ने जीते बड़े अवॉर्ड
20 नवंबर को फेस्टिवल के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर विजेताओं के नाम घोषित किए गए. फिल्म ‘धुरंधर’ ने कई बड़े पुरस्कार अपने नाम किए.
- धुरंधर: सर्वश्रेष्ठ फिल्म
- रणवीर सिंह: सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (धुरंधर)
- आदित्य धर: सर्वश्रेष्ठ निर्देशक
- आदित्य धर, ज्योति देशपांडे और लोकेश धर: सर्वश्रेष्ठ निर्माता
- अक्षय खन्ना: धुरंधर में शानदार प्रदर्शन के लिए विशेष सम्मान
- यामी गौतम धर: क्रिटिक्स की सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री
- अनीत पड्डा: सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (सैयारा)
- सैयारा: साल का सर्वश्रेष्ठ गीत
समय रैना को मिला ये खिताब
कॉमेडी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले समय रैना को कॉमेडियन ऑफ द ईयर चुना गया है. वहीं रितेश देशमुख को हास्य भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला. इसके अलावा भारतीय सिनेमा में योगदान देने वाली कई हस्तियों को भी सम्मानित किया गया.
- कमल हासन: फिल्म इंडस्ट्री में उत्कृष्ट योगदान
- ऋषभ शेट्टी: क्रिटिक्स के सर्वश्रेष्ठ अभिनेता
- कंतारा: चैप्टर 1: क्रिटिक्स की सर्वश्रेष्ठ फिल्म
- इलैयाराजा: संगीत में उत्कृष्ट योगदान
- स्मृति ईरानी: क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2
वेब सीरीज की दुनिया में किसका जलवा?
फिल्मों के साथ-साथ ओटीटी और टेलीविजन की दुनिया के कलाकारों को भी पुरस्कारों से नवाजा गया. शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को उनकी वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के लिए बेस्ट डायरेक्टर चुना गया.
- आर्यन खान: वेब सीरीज के सर्वश्रेष्ठ निर्देशक (द बैड्स ऑफ बॉलीवुड)
- द बैड्स ऑफ बॉलीवुड: सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज
- तारक मेहता का उल्टा चश्मा: साल की सर्वश्रेष्ठ टेलीविजन सीरीज
- जयदीप अहलावत: वेब सीरीज में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (पाताल लोक)
- शेफाली शाह: वेब सीरीज में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (दिल्ली क्राइम 3)
टेलर स्विफ्ट और जेम्स कैमरून को भी मिला सम्मान
इस बार अवॉर्ड लिस्ट में विदेशी कलाकारों के नाम भी शामिल हैं. पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट को इंटरनेशनल आर्टिस्ट ऑफ द ईयर का खिताब दिया गया है. वहीं हॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता जेम्स कैमरून को वैश्विक सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया.
- टेलर स्विफ्ट: इंटरनेशनल आर्टिस्ट ऑफ द ईयर
- जेम्स कैमरून: वैश्विक सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान
- अवतार: फायर एंड ऐश: सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म
दादा साहब फाल्के के नाम पर दो अवॉर्ड
भारत सरकार की ओर से दिया जाने वाला दादा साहब फाल्के पुरस्कार भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान है. वहीं, दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स (DPIFF) एक निजी संस्था की ओर से आयोजित फिल्म महोत्सव का पुरस्कार है. दोनों अलग-अलग सम्मान हैं.
ये भी पढ़ें: यूट्यूबर से मिलने चेन्नई से दिल्ली आया युवक, घर में घुसने पर हुई पिटाई; 7 दिन बाद अस्पताल में तोड़ा दम