UP Train Viral Video: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में चलती ट्रेन के अंदर एक महिला के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. दरभंगा-अमृतसर जननायक एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 15211) में एक पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर महिला को थप्पड़ मारकर जमीन पर गिरा दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि महिला के सिर और माथे पर चोट आई और कुछ समय के लिए वह बेहोश भी हो गई.
हालांकि, इस मामले में पुलिसकर्मियों की ओर से भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं. दो GRP कांस्टेबलों का दावा है कि कुछ यात्रियों ने उनके साथ मारपीट की और उनकी वर्दी तक फाड़ दी. पुलिस की शिकायत पर छह यात्रियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. इनमें चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं. फिलहाल दोनों पुरुष यात्रियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
बेटी के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर हुआ विवाद
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना 18 नवंबर 2026 की शाम की है. उस समय जननायक एक्सप्रेस मुरादाबाद और नजीबाबाद के बीच सफर कर रही थी. बताया जा रहा है कि ट्रेन के कोच में काफी भीड़ थी. इसी दौरान एक महिला ने अपनी बेटी के साथ एक कांस्टेबल के कथित दुर्व्यवहार का विरोध किया.सोशल मीडिया पर सामने आए दावों के मुताबिक, महिला और पुलिसकर्मी के बीच बहस होने लगी. इस दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति मोबाइल से पूरी घटना रिकॉर्ड कर रहा था. आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया.
महिला को थप्पड़ मारकर जमीन पर गिराया
पत्रकार सचिन गुप्ता की ओर से साझा किए गए एक अलग वीडियो में कथित तौर पर पुलिसकर्मी महिला को थप्पड़ मारते और जमीन पर गिराते हुए दिखाई दे रहा है. घटना के बाद महिला के सिर और माथे से खून निकलने की खबर सामने आई. बताया जा रहा है कि वह कुछ समय के लिए बेहोश भी हो गई थी.वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने पुलिसकर्मी के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं. कई यूजर्स ने यह भी सवाल किया कि भीड़भाड़ वाले कोच में हुए इस विवाद के दौरान महिला पुलिसकर्मी मौजूद क्यों नहीं थीं.
दरभंगा–अमृतसर एक्सप्रेस (15211) में एक महिला और उनकी बेटी से मारपीट हुई। पुलिस कांस्टेबल ने महिला को थप्पड़ मारे। उन्हें नीचे गिरा दिया। महिला का माथा फट गया। बताया जा रहा है कि कांस्टेबल की हरकत का महिला ने विरोध किया था, जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई। यह घटना उत्तर प्रदेश में नजीबाबाद (बिजनौर) के आसपास की बताई जा रही है।
— Sachin Gupta (@Sachingupta) November 20, 2026
GRP कांस्टेबलों ने भी लगाए मारपीट के आरोप
इस मामले में पुलिस का पक्ष महिला के आरोपों से अलग बताया जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, GRP के दो कांस्टेबल ललित सागर और अजय कुमार ने आरोप लगाया है कि विवाद की शुरुआत सीट को लेकर हुई थी. दोनों पुलिसकर्मियों का दावा है कि बहस के दौरान कुछ यात्रियों ने उनके साथ मारपीट की और उनकी वर्दी फाड़ दी. उनकी शिकायत के आधार पर नजीबाबाद GRP थाने में छह यात्रियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई.आरोपियों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं. गिरफ्तार किए गए दोनों पुरुष यात्रियों की पहचान पिक्कू कुमार और चंदन ठाकुर के रूप में हुई है.
महिला के साथ मारपीट के आरोपों पर अभी स्थिति साफ नहीं
इस पूरे मामले में महिला की ओर से पुलिसकर्मी पर लगाए गए मारपीट के आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जांच का इंतजार है. 21 नवंबर की सुबह तक GRP मुरादाबाद मंडल या बिजनौर पुलिस की ओर से पुलिसकर्मी की पहचान और उसके खिलाफ किसी विभागीय कार्रवाई को लेकर कोई सार्वजनिक आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद लोगों ने रेल मंत्रालय, GRP मुरादाबाद और बिजनौर पुलिस को टैग कर मामले में जवाब मांगा है. लोग यह भी जानना चाहते हैं कि घटना में शामिल पुलिसकर्मी GRP की एस्कॉर्ट टीम का हिस्सा थे या ट्रेन में सफर कर रहे जिला पुलिस के जवान थे. फिलहाल, ट्रेन में हुई इस घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं. मामले की पूरी सच्चाई जांच और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.