Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक घर की नेमप्लेट पर लिखे ‘वंदे मातरम’ और ‘जय हिंद’ को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि मामला पुलिस तक पहुंच गया. आरोप है कि इन शब्दों को देखकर मस्जिद के इमाम ने युवक की बहन का निकाह पढ़ाने से मना कर दिया. युवक ने इसकी शिकायत पुलिस से की. इसके बाद पुलिस ने इमाम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. हालांकि, इमाम ने आरोपों को गलत बताते हुए इनकार की दूसरी वजह बताई है.
मामला शाहजहांपुर जिले के रोजा थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर बरमौला गांव का है. यहां रहने वाले मोनिश सिंह भगत सिंह की बहन का निकाह 15 नवंबर को होना तय हुआ था. परिवार ने निकाह की रस्म पूरी कराने के लिए गांव की मस्जिद के इमाम सुरफान रजा कादिरी से पहले ही बातचीत कर ली थी. सब कुछ तय होने के बाद परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था.
निकाह से एक दिन पहले बदला फैसला
मोनिश के मुताबिक, निकाह से ठीक एक दिन पहले इमाम ने निकाह पढ़ाने से मना कर दिया. युवक का आरोप है कि इमाम ने उनके घर के दरवाजे पर लगी नेमप्लेट पर ‘वंदे मातरम’ और ‘जय हिंद’ लिखा देखा था. इसी बात को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई और निकाह कराने से इनकार कर दिया. मोनिश ने धमकी देने का आरोप भी लगाया है. ऐसे में परिवार को दूसरे इमाम की मदद लेनी पड़ी और बहन का निकाह संपन्न कराया गया. इसके बाद मोनिश ने गुर्री चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और मामले में कार्रवाई की मांग की.
शाहजहांपुर में मकान की नेमप्लेट पर वंदे मातरम् जय हिंद और ‘जय भारत लिखवाने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि इन शब्दों और परिवार के हिंदू रीति-रिवाजों को अपनाने की वजह से मस्जिद के इमाम ने उनकी बहन का निकाह पढ़ाने से इनकार कर दिया। जबकि इमाम ने कहा है उनके पिता की तबीयत खराब थी जिस वजह से निकाह नहीं पढ़ाया दूसरे इमाम ने निकाह पढ़ाया है अधिवक्ता मोनिश की शिकायत पर रोजा पुलिस ने इमाम मोहम्मद सुरफान रजा कादिरी के खिलाफ BNS की धारा 299, 302, 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अधिवक्ता का कहना है कि उनका परिवार भाई दूज समेत दूसरे त्योहार भी मनाता है। मकान की नेमप्लेट पर राष्ट्रभक्ति से जुड़े नारे लिखे हैं। आरोप है कि इमाम ने इन बातों पर आपत्ति जताते हुए निकाह पढ़ाने से मना कर दिया। दूसरी ओर, इमाम ने सभी आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि पिता की तबीयत खराब होने के कारण वह निकाह पढ़ाने में असमर्थ थे और उन्होंने इसकी जानकारी पहले ही दे दी थी। बाद में दूसरे इमाम ने निकाह पढ़ाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सवाल यह है कि निकाह पढ़ाने से इनकार करने की असली वजह क्या थी? इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही होगा। #Shahjahanpur #UttarPradesh #VandeMataram #JaiHind #UPPolice
— Asif Ansari (@Asifansari9410) November 19, 2026
इमाम ने बताई इनकार की दूसरी वजह
दूसरी ओर, इमाम सुरफान रजा कादिरी ने इन आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि उन्होंने निकाह से करीब 10 दिन पहले ही अपनी असमर्थता बता दी थी. उनके भाई की परीक्षा थी और पिता की तबीयत भी खराब थी. इसी वजह से उन्हें बाहर जाना था और वह निकाह नहीं पढ़ा सकते थे.
पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
शिकायत के आधार पर रोजा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने 20 नवंबर को गुर्री चौकी के पास टेढ़ी पुलिया से आगे पेट्रोल पंप के नजदीक से 29 वर्षीय इमाम सुरफान रजा कादिरी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी असलम के पुत्र हैं. गिरफ्तारी के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया.
क्या बोली पुलिस?
एसपी सौरव दीक्षित ने बताया कि मोनिश की तहरीर के आधार पर थाना रोजा में मुकदमा दर्ज किया गया था. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी उमेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में टीम गठित की गई. टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार किया. मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया गया है.
ये भी पढ़ें: Watch Video: यूपी पुलिस का शर्मनाक चेहरा? रात 10 बजे महिला को कमरे में बुलाया, छेड़छाड़ के बाद…