King100 First Look: इस दिसंबर बॉक्स ऑफिस पर साउथ और बॉलीवुड के दो बड़े सितारों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा. एक तरफ सुपरस्टार नागार्जुन अक्किनेनी अपनी 100वीं फिल्म ‘King100’ के साथ बड़े पर्दे पर दस्तक देंगे. वहीं दूसरी तरफ शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ भी रिलीज होने वाली है. नागार्जुन की फिल्म के मेकर्स ने उनके जन्मदिन के मौके पर फिल्म का टाइटल, रिलीज डेट और पहली झलक जारी कर दी है.
अन्नपूर्णा स्टूडियोज ने नागार्जुन की खास 100वीं फिल्म का फर्स्ट लुक जारी किया है. फिल्म का आधिकारिक नाम ‘King100’ रखा गया है. लगभग डेढ़ मिनट से ज्यादा लंबे इस वीडियो में नागार्जुन बेहद स्टाइलिश और दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं.
कैसा होगा नागार्जुन का किरदार
फिल्म की झलक से पता चलता है कि नागार्जुन का किरदार बेहद साधारण और मुश्किल हालात से निकलकर एक बड़े और ताकतवर शख्स के रूप में अपनी पहचान बनाता है. कहानी में गरीबी से अमीरी तक का सफर देखने को मिलने वाला है. वीडियो में नागार्जुन कहते हैं कि दुनिया में दो तरह के लोग होते हैं, एक जिनके पास पैसा है और दूसरे जिनके पास पैसा नहीं है. जब उनके पास पैसा नहीं था, तब लोग उन्हें लूजर कहते थे लेकिन पैसा आने के बाद वही लोग उन्हें ‘किंग’ कहने लगे.
बिजनेसमैन के साथ कॉनमैन का किरदार?
फिल्म की झलक सिर्फ नागार्जुन के अमीर और ताकतवर बनने की कहानी नहीं दिखाती. इसमें उनके किरदार पर एक बड़े स्कैम का आरोप भी लगता है. वीडियो में उन्हें ‘कॉनमैन’ यानी धोखाधड़ी करने वाले शख्स के रूप में भी दिखाया गया है. नागार्जुन फिल्म में अलग-अलग लुक और अंदाज में नजर आते हैं. उनके कपड़ों से लेकर हेयरस्टाइल तक में विंटेज टच दिखाई देता है. यही वजह है कि फर्स्ट लुक रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर उनके लुक और स्क्रीन प्रेजेंस की चर्चा शुरू हो गई.
बच्चे के साथ दिखा इमोशनल अंदाज
‘King100’ की झलक के आखिर में कहानी एक अलग मोड़ लेती दिखाई देती है. एक घर में आग लगने के बाद नागार्जुन का किरदार वहां एक बच्चे को पाता है. वह बच्चे को अपनी गोद में उठाकर उसे सीने से लगा लेते हैं. तेज बारिश के बीच नागार्जुन के चेहरे पर दिखाई देने वाले भाव बताते हैं कि इस बच्चे का उनकी जिंदगी में खास महत्व हो सकता है. इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म में पैसा, अपराध और ताकत के साथ-साथ एक इमोशनल पिता-बच्चे की कहानी भी देखने को मिल सकती है.
24 दिसंबर को रिलीज होगी फिल्म
फिल्म के फर्स्ट लुक के साथ इसकी रिलीज डेट भी सामने आ गई है. ‘King100’ 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. दिलचस्प बात यह है कि इसी दौरान शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ भी बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देने वाली है. ऐसे में दिसंबर में दोनों फिल्मों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल सकता है. शाहरुख खान की ‘किंग’ का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं. फिल्म में शाहरुख के साथ उनकी बेटी सुहाना खान, दीपिका पादुकोण और अभिषेक बच्चन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.
फैंस को पसंद आया नागार्जुन का अंदाज
‘King100’ की पहली झलक सामने आने के बाद फैंस ने नागार्जुन के लुक और स्क्रीन प्रेजेंस की जमकर तारीफ की. सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनके अभिनय, स्टाइल और फिल्म के बैकग्राउंड म्यूजिक की तारीफ की. एक फैन ने लिखा कि नागार्जुन सिर्फ किरदार निभाते हुए नहीं दिख रहे बल्कि उसे जी रहे हैं. वहीं कुछ फैंस ने देवी श्री प्रसाद के म्यूजिक और नागार्जुन के विंटेज लुक को भी शानदार बताया.
कौन बना रहा है King100?
King100 की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन R.A. कार्तिक कर रहे हैं. फिल्म को अन्नपूर्णा स्टूडियोज प्रोड्यूस कर रहा है. फिल्म के म्यूजिक की जिम्मेदारी देवी श्री प्रसाद के पास है. वहीं राजा महादेवन सिनेमैटोग्राफी संभाल रहे हैं. फिल्म का प्रोडक्शन डिजाइन सतीश कुमार N ने किया है और एडिटिंग नवीन नूली कर रहे हैं. नागार्जुन की 100वीं फिल्म होने की वजह से ‘King100’ पहले ही चर्चा में है.