Niti Taylor: टीवी की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस नीति टेलर ने अपनी जिंदगी के उस दौर का खुलासा किया है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते थे. पर्दे पर मुस्कुराती नजर आने वाली नीति ने बताया कि उनका पुराना रिश्ता उनके लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं था. उनके मुताबिक, एक्स बॉयफ्रेंड उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था. यहां तक कि उसने कथित तौर पर उन्हें सिगरेट से भी जला दिया था. हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने उन तकलीफदेह यादों को साझा किया.
कपड़ों और दोस्तों तक पर नजर
नीति टेलर ने हाल ही में ‘हॉटरफ्लाई’ को दिए इंटरव्यू में बताया कि यह सब उस समय हुआ था, जब वह अपने चर्चित शो ‘कैसी ये यारियां’ के पहले सीजन की शूटिंग कर रही थीं. एक्ट्रेस के मुताबिक, उनका एक्स बॉयफ्रेंड उनके पहनावे, दोस्तों और बाहर आने-जाने तक पर सवाल उठाता था. नीति ने बताया कि अगर वह छोटे कपड़े पहनतीं, तो उन्हें सुनना पड़ता था कि दूसरे लोग उन्हें क्यों देख रहे हैं. किसी दोस्त के करीब खड़े होने या कहीं बाहर जाने पर भी उनसे जवाब मांगा जाता था. उस वक्त वह काफी कम उम्र की थीं और बार-बार खुद को सही साबित करने की कोशिश करती थीं.
बर्थडे पार्टी में डरावना विवाद
एक्ट्रेस ने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक्स बॉयफ्रेंड के जन्मदिन की पार्टी में उन्हें माहौल ठीक नहीं लगा. ऐसे में उन्होंने अपनी सहेलियों के साथ वहां से निकलने का फैसला किया. हालांकि, जाने से पहले वह बॉयफ्रेंड को बताना चाहती थीं कि वह जा रही हैं. नीति के अनुसार, उनके बॉयफ्रेंड ने उन्हें रोकने की कोशिश की. बात इतनी बढ़ गई कि उन्हें बिल्डिंग के बाहर धक्का दिया गया. इतना ही नहीं उसने नीति को थप्पड़ भी मारा. एक्ट्रेस ने बताया कि यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई थी. उनकी सहेलियों और सुरक्षा गार्ड ने भी उस दौरान हालात देखे.
सिगरेट से भी जलाया
नीति ने बताया कि घटना के बाद वह बुरी तरह रो रही थीं. जब वह अपनी बिल्डिंग पहुंचीं, तो वहां भी विवाद खत्म नहीं हुआ. एक्स बॉयफ्रेंड ने उनसे पार्टी छोड़कर सहेलियों के साथ जाने को लेकर सवाल किए और इसी दौरान उन्हें सिगरेट से जला दिया. एक्ट्रेस का कहना है कि उस चोट का निशान आज भी उनकी त्वचा पर दिखाई देता है. उन्होंने बताया कि उनकी स्किन पर केलॉइड बनने की संभावना रहती है, जिससे निशान और उभरकर नजर आता है.
ये भी पढ़ें: कौन थी मधु कांबीकर, 73 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा, लावणी और मराठी सिनेमा में बिखेरा अभिनय का जादू