Panchayat Season 5 Release Date: ओटीटी की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है. फुलेरा गांव की राजनीति और सचिव जी की मजेदार कहानी एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने आ रही है. मेकर्स ने ‘पंचायत 5’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है. जितेंद्र कुमार स्टारर यह सीरीज 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी. इस बार कहानी में गांव की सत्ता का समीकरण बदला हुआ नजर आएगा.
3 दिसंबर को शुरू होगा फुलेरा में नया सियासी खेल
‘पंचायत 5’ में इस बार फुलेरा गांव को नया प्रधानपति मिलने वाला है. बनराकस अब पहले से ज्यादा ताकतवर भूमिका में नजर आएंगे. प्रधानपति बनने के बाद उनकी राजनीति किस दिशा में जाएगी, यह देखना दिलचस्प होगा. क्या बनराकस गांव की व्यवस्था बदल पाएंगे या फिर फुलेरा में पुराने राजनीतिक विवाद ही जारी रहेंगे? वहीं, सचिव जी के सामने भी नई चुनौतियां आने वाली हैं. गांव की बदली हुई राजनीति और नए सत्ता समीकरण कहानी में कई मजेदार मोड़ ला सकते हैं. हालांकि मेकर्स ने अभी कहानी के बाकी हिस्सों को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं दी है.
पुराने कलाकार फिर मचाएंगे धमाल
सीरीज के नए सीजन में पुराने कलाकार अपने पसंदीदा किरदारों में वापसी करेंगे. जितेंद्र कुमार एक बार फिर अभिषेक त्रिपाठी यानी सचिव जी के रोल में दिखाई देंगे. उनके अलावा रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक भी नजर आएंगे. दर्शकों को सचिव जी, प्रधान जी, मंजू देवी, प्रह्लाद चा और विकास की मजेदार नोकझोंक देखने को मिलेगी.
ये भी पढ़ें : बॉलीवुड ने 2026 में हॉलीवुड को दी बॉक्स ऑफिस पर टक्कर, ‘धुरंधर 2’ से ‘रामायण’ तक इन फिल्मों का रहा दबदबा
दीपक कुमार मिश्रा ने किया निर्देशन
‘पंचायत 5’ का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है. इसका निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है. सीरीज की कहानी दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने मिलकर लिखी है. यह सीरीज 3 दिसंबर 2026 से भारत समेत दुनिया के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी. ‘पंचायत’ भारत की उन चुनिंदा ओटीटी सीरीज में शामिल हो गई है, जो पांच सीजन तक पहुंची हैं. अब देखना होगा कि फुलेरा की बदली हुई राजनीति दर्शकों को कितना पसंद आती है.