Ghaziabad Viral Video: गाजियाबाद के गोविंदपुरम में मिठाई खराब होने की शिकायत को लेकर एक दुकान पर जमकर हंगामा हुआ. आरोप है कि शिकायत करने पहुंचे युवक ने अपने साथ आए युवकों और बाउंसर्स के साथ मिलकर बुजुर्ग दुकानदार से गाली-गलौज की और उन्हें काउंटर से बाहर खींचने की कोशिश की. घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है. पुलिस वीडियो के आधार पर जांच कर रही है.
मिठाई खराब होने की शिकायत लेकर पहुंचा युवक
मामला गोविंदपुरम स्थित अग्रवाल स्वीट्स का है. जानकारी के अनुसार, नीरज चौधरी नाम का एक युवक दिवाली के दौरान इस दुकान से मिठाई खरीदकर ले गया था. कुछ दिन बाद वह मिठाई खराब होने की शिकायत लेकर दुकान पर पहुंचा. इस दौरान उसके साथ कुछ अन्य युवक और बाउंसर्स भी मौजूद थे. आरोप है कि दुकान पर पहुंचते ही युवक ने हंगामा शुरू कर दिया. उसने दुकानदार के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की. बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान दुकानदार ने अपनी गलती स्वीकार कर ली थी. इसके बावजूद युवक का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह लगातार दुकानदार से बदसलूकी करता रहा.
बुजुर्ग दुकानदार को काउंटर से खींचने की कोशिश
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई. वायरल वीडियो में युवक दुकानदार के साथ गाली-गलौज करता दिखाई दे रहा है. आरोप है कि युवक और उसके साथ आए लोगों ने दुकानदार को पकड़कर काउंटर से बाहर खींचने की कोशिश भी की. घटना के समय दुकान में एक युवती भी खरीदारी कर रही थी. लेकिन युवकों के हंगामे और अभद्र व्यवहार से घबराकर वह दुकान से बाहर चली गई. इस पूरी घटना के बाद इलाके में दुकानदारों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.
पुलिस कर रही सीसीटीवी फुटेज की जांच
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की पड़ताल की जा रही है. फिलहाल दुकानदार की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. पुलिस के मुताबिक, लिखित शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: रिश्तेदारों को वंदे भारत में छोड़ने गए थे 13 लोग, लगा 36 हजार का जुर्माना; मामले ने इंटनेट पर मचाया तहलका