Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. सदर थाना क्षेत्र के पताही गांव में 39 वर्षीय विवाहिता विभा ठाकुर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ. बेटी की मौत से नाराज मायके वालों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ विरोध जताते हुए महिला के शव का अंतिम संस्कार ससुराल के घर के सामने ही कर दिया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. वहीं, मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
पति समेत ससुराल के चार लोगों पर हत्या का आरोप
मृतका के पिता बच्चू चौधरी अहमदाबाद में रहते हैं. उन्होंने सदर थाने में आवेदन देकर अपनी बेटी की मौत के लिए पति चंदन ठाकुर, ससुर मुरारी प्रसाद ठाकुर, सास मंजू देवी और ननद समेत अन्य लोगों को जिम्मेदार ठहराया है. मायके पक्ष का आरोप है कि उनकी बेटी की सुनियोजित साजिश के तहत हत्या की गई है. परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
27 नवंबर 2014 को हुई थी विभा की शादी
पिता के आवेदन के मुताबिक, विभा की शादी 27 नवंबर 2014 को पताही गांव निवासी चंदन ठाकुर से हुई थी. दोनों की एक बेटी भी है, जो फिलहाल अपने नाना के साथ अहमदाबाद में रहती है. आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही विभा और उसके ससुराल वालों के बीच विवाद चल रहा था. इसको लेकर मुजफ्फरपुर और अहमदाबाद की अदालतों में भी मामले लंबित हैं.
लगातार प्रताड़ित करने और धमकी देने का आरोप
बच्चू चौधरी का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उनकी बेटी को लगातार परेशान करते थे. उसे घर से भी निकाल दिया गया था. बाद में जिला प्रशासन और परिवार न्यायालय के आदेश के बाद विभा दोबारा ससुराल में रहने लगी थी. इसके बावजूद उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी. विभा कई बार फोन करके अपने पिता को अपनी परेशानी बताती थी.
15 नवंबर को बिगड़ी तबीयत
पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 15 नवंबर को विभा को कथित तौर पर ऐसा भोजन या खाद्य पदार्थ दिया गया, जिसके सेवन के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 16 नवंबर को उसकी मौत हो गई. मायके पक्ष ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है.
ये भी पढ़ें : Watch Video: हर तरफ लाश ही लाश…, उत्तराखंड में यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी; कई लोगों की मौत
ससुराल के दरवाजे पर किया अंतिम संस्कार
विभा की मौत की खबर मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग पताही गांव पहुंचे. वहां उन्होंने ससुराल के घर के सामने ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया. इस घटना के बाद इलाके में काफी चर्चा और तनाव का माहौल रहा. सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें : Crime: सगे भतीजे के साथ अवैध संबंध, भतीजियों ने अपनी ही बुआ किया मर्डर; हैरान कर देगी ये प्रेम कहानी