साउथ अभिनत्री श्रुति हासन सोमवार को चेन्नई में अपने नए घर में शिफ्ट हो गईं. इस अवसर पर उन्होंने पूजा पाठ की, जिसकी तस्वीरें भी इंटरनेट पर सामने आई हैं.
श्रुति हासन नए घर में हुईं शिफ्ट
श्रुति को अपने नए घर के फर्श पर बैठकर पूजा में भाग लेते हुए देखा गया. तस्वीरों में उत्सव के लिए सजाई गई मिठाइयां और उनके नए घर की चाबियां दिखाई दे रही हैं. ये तस्वीरें उनके फैन पेजों ने इंस्टाग्राम पर शेयर कीं. एक पैपराजी पेज ने भी श्रुति के नए घर की तस्वीरें साझा कीं.
कैप्शन में लिखा था, ‘श्रुति हासन ने एक खूबसूरत नए अध्याय में कदम रखा है. अभिनेत्री-संगीतकार ने प्यार, आशीर्वाद और नई शुरुआत के बीच पारंपरिक गृह प्रवेश पूजा के साथ चेन्नई में अपने नए घर का जश्न मनाया.’
एक्ट्रेस के घर की खासियत
श्रुति हासन का मुंबई वाला घर उनके संगीत प्रेम और अनोखी पसंद को दिखाता है. घर का लिविंग रूम तीन हिस्सों में बंटा है, जिसमें म्यूजिक रूम, बैठने की जगह और डाइनिंग एरिया शामिल हैं. बड़ी खिड़कियां, ऊंची छत, प्राकृतिक रोशनी, खूबसूरत पेंटिंग्स और इंडोर पौधे घर को खास लुक देते हैं. घर में एक अलग जगह उनकी पसंदीदा चीजों और यादगार सामान के लिए बनाई गई है. यहां कमल हासन का उपहार में दिया हुआ चाकू, विदेश यात्राओं से लाई गई सजावटी बत्तखें, किताबें, पोस्टर, डिस्को बॉल और एनीमे की मूर्तियां रखी गई हैं। वहीं, उनके म्यूजिक रूम में गिटार, पियानो और कई दूसरे वाद्ययंत्र मौजूद हैं, जहां वह अपना ज्यादातर समय बिताना पसंद करती हैं.
श्रुति हासन का वर्कफ्रंट
श्रुति को आखिरी बार 2025 में आई लोकेश कनगराज की फिल्म ‘कुली’ में देखा गया था. वहीं इस साल उन्होंने बुची बाबू सना की फिल्म पेद्दी में राम चरण और जाह्नवी कपूर के साथ एक स्पेशल गाने में अभिनय किया था, उनकी आने वाली फिल्में ‘आकासमलो ओका तारा’ और ‘ट्रेन’ रिलीज के लिए तैयार हैं.