Tamilnadu Murder Case: तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले में एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं. मुदलूर गांव में देर रात एक युवक कथित तौर पर धारदार हथियार लेकर परिवार के घर में घुस गया और हमला कर दिया. वारदात में 48 वर्षीय मैरी विजिला की जान चली गई. वहीं उनके पति मुथुकृष्णन और 12 वर्षीय बेटे प्लेजेंट राजा गंभीर रूप से घायल हो गए. हमले के बाद परिवार की दोनों बेटियां भी घर से गायब हो गईं. पुलिस ने तलाश शुरू की तो मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ.
घर में घुसकर परिवार पर हमला
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर धारदार हथियार से हमला किया. मैरी विजिला को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. उनके पति और बेटे भी हमले में बुरी तरह घायल हुए. दोनों को इलाज के लिए तिरुनेलवेली सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी हालत गंभीर होने के कारण मजिस्ट्रेट ने अस्पताल पहुंचकर उनके बयान दर्ज किए.
दोनों बेटियों को ले गया आरोपी
वारदात के बाद परिवार की दोनों बेटियां घर पर नहीं मिलीं. इससे पुलिस की चिंता बढ़ गई और उनकी तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया. जांच के दौरान पता चला कि आरोपी कथित तौर पर दोनों लड़कियों को अपने साथ ले गया था. पुलिस ने छानबीन करते हुए लड़कियों का पता लगाया और उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया. इसके बाद आरोपी की तलाश तेज कर दी गई.
बातचीत बंद होने से था नाराज
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी ज्ञान प्रकाश परिवार को पहले से जानता था. वह परिवार की 15 वर्षीय बेटी के संपर्क में था. लड़की के माता-पिता इस संबंध के खिलाफ थे और उन्होंने बेटी को उससे बातचीत बंद करने के लिए कहा था. बताया जा रहा है कि लड़की ने भी उससे संपर्क खत्म कर दिया था. पुलिस को आशंका है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया.
चार घंटे में आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने घटना के बाद विशेष अभियान चलाया और करीब चार घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इस वारदात के बाद महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. तूतीकोरिन की सांसद कनिमोझी ने घटना पर चिंता जताते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों को घर के भीतर और सार्वजनिक जगहों पर सुरक्षित महसूस करना चाहिए.
ये भी पढ़ें: बाराबंकी से तीन बच्चों के बाप संग लापता हुई 5 बच्चों की मां, नकदी-जेवर ले जाने का लगाया आरोप, पीछे छूट गए मासूम!