Govinda Sunita Ahuja: भले ही बॉलीवुड इंडस्ट्री में टाइगर श्रॉफ, शाहिद कपूर, वरुण धवन और ऋतिक रौशन जैसे काबिल डांसर हैं, लेकिन गोविंदा की बात ही निराली है. बॉलीवुड के कोरियोग्राफर गणेश आचार्य और सरोज खान (मरहूम) भी गोविंदा को लेकर कई बार कह चुके हैं कि उनके जैसा दूसरा कोई डांसर-एक्टर फिलहाल इंडस्ट्री में नहीं है. वहीं, गोविंदा अब पति-पत्नी और ‘वो’ को लेकर चर्चा में हैं. पिछले करीब 2 साल से गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता के बीच तलाक को लेकर बवाल जारी है. गोविंदा इस मामले पर चुप हैं तो सुनीता कई बार अपनी राय दे चुकी हैं. इससे साफ तौर पर जाहिर है कि गोविंदा और सुनीता के बीच सबकुछ ठीक नहीं है. इनके बीच तीसरे की एंट्री हो चुकी है.
इस बीच पत्नी सुनीता आहूजा ने अपने एक ताजा साक्षात्कार में कहा कि पति गोविंदा परिवार की सेवा में ही रह गए और अपने लिए नहीं जिए. सुनीता का इशारा गोविंदा के स्ट्रगल और समर्पण को लेकर था. इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें गोविंदा जैसा पति नहीं चाहिए, पर उनके जैसा बेटा चाहिए. यह जगजाहिर है कि गोविंदा को अपनी मां के प्रति समर्पण के लिए जाना जाता है. कहा जाता है कि वह अपनी मां का कहना जरूर मानते हैं. सुनीता का इशारा शायद इसी ओर था कि गोविंदा परिवार की सेवा में ही रह गए और अपने लिए नहीं जिए
गोविंदा से अलग होना गुनाह
इस साक्षात्कार में सुनीता ने यह भी कहा कि वह अब गोविंदा को छोड़ भी नहीं सकतीं, ऐसा सोचना भी गुनाह है. वह साफतौर पर कहती हैं कि गोविंदा को अच्छा पति नहीं मानतीं और अगले जन्म में वह उन्हें पति के रूप में नहीं पाना चाहतीं हैं. सुनीता ने साफतौर पर माना कि गोविंदा बतौर पति अच्छे उदाहरण नहीं बन सके और अपनी जिंदगी भी खुलकर नहीं जी पाए. उन्होंने इशारों-इशारों में गोविंदा के एक्ट्रामैरिटल अफेयर पर कहा कि अब पछतावा करने का फायदा ही क्या है? छोड़ तो नहीं सकते अभी? अब 40 साल बीत गया है अब तो सोचना भी गुनाह है.
अच्छा नहीं चल रहा गोविंदा का फिल्मी करियर
यहां पर बता दें कि इस तरह की खबरें लगातार मीडिया में आ रही हैं कि गोविंद का किसी मराठी एक्ट्रेस के साथ अफेयर हैं. रोचक बात यह है कि गोविंदा ने कभी भी इस मुद्दे पर ना तो बात की और ना ही अब तक उस मराठी एक्ट्रेस के नाम का खुलासा हुआ है. यह भी खबरें आईं है कि गोविंदा और सुनीता अलग-अलग घर में रहते हैं. इस बीच यह भी सच्चाई है कि गोविंदा का बॉलीवुड करियर बेहद खराब दौर से गुजर रहा है.