Ayodhya Ram Mandir Darshan Timings: दिवाली के मौके पर अगर आप प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या जाने और रामलला के दर्शन करने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है. श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन, आरती और मंदिर के पट खुलने-बंद होने के समय में बदलाव किया जा रहा है. मंदिर में 1 नवंबर से शीतकालीन समय-सारणी लागू होगी. ऐसे में अयोध्या जाने से पहले दर्शन का नया समय जान लेना जरूरी है, ताकि मंदिर पहुंचने पर आपको किसी तरह की परेशानी न हो.
दिवाली पर रामलला के दर्शन का बना रहे हैं प्लान?
सर्दियों के मौसम को देखते हुए राम मंदिर में दर्शन और पूजा की समय-सारणी में बदलाव किया गया है. नई व्यवस्था के तहत मंदिर के पट सुबह 4 बजे खुलेंगे और रात 10 बजे बंद होंगे. पहले मंदिर के पट बंद होने का समय रात 10:30 बजे था. अब श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए अपनी यात्रा की योजना नई समय-सारणी के अनुसार बनानी होगी. दिवाली के आसपास अयोध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना रहती है. ऐसे में दर्शन का समय पहले से जानने से भक्तों को अपनी यात्रा और पूजा की योजना बनाने में आसानी होगी.
सुबह 4 बजे खुलेंगे रामलला के पट
नई समय-सारणी के अनुसार रामलला की मंगला आरती सुबह 4:30 बजे होगी. इसके बाद सुबह 6:30 बजे श्रृंगार आरती संपन्न होगी. सुबह 8 बजे से 8:10 बजे तक भगवान को बालभोग लगाया जाएगा. दोपहर में मध्याह्न विश्राम का समय 12:30 बजे से 1:30 बजे तक रहेगा. इसलिए श्रद्धालुओं को दोपहर में दर्शन के लिए पहुंचने से पहले इस समय का ध्यान रखना चाहिए.
शाम 7 बजे संध्या आरती
रामलला के दर्शन करने वाले भक्तों के लिए शाम और रात की आरती का समय भी बदल दिया गया है. नई व्यवस्था के तहत संध्या आरती शाम 7 बजे होगी, जबकि शयन आरती रात 9:30 बजे संपन्न होगी. इसके बाद रात 10 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे. इस बदलाव का उद्देश्य सर्दियों के मौसम के अनुसार मंदिर की धार्मिक गतिविधियों को व्यवस्थित करना और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देना है.
आरती के दौरान भी कर सकेंगे दर्शन
राम मंदिर में केवल आरती का समय ही नहीं बदला गया है, बल्कि दर्शन व्यवस्था में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. राम मंदिर की धार्मिक समिति के सदस्य राजकुमार दास के मुताबिक, आरती के लिए जारी किए जाने वाले पास की संख्या दोगुनी कर दी गई है. सबसे खास बात यह है कि अब आरती के दौरान पट खुलते ही आम श्रद्धालु भी बिना पास के रामलला के दर्शन कर सकेंगे. हालांकि, पासधारकों के लिए विशेष व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी. इससे अधिक भक्तों को आरती के समय रामलला के दर्शन करने का अवसर मिल सकेगा.
ये भी पढ़ें: ट्रेन की सीटों पर क्यों नहीं लगाए जाते सीट बेल्ट? क्या है इसके पीछे की वजह, जानकर चौंक जाएंगे!
1 नवंबर से लागू होगी नई व्यवस्था
मंदिर की धार्मिक समिति के सदस्य राजकुमार दास के अनुसार, सर्दियों में सुबह देर तक अंधेरा रहने और दिन छोटा होने के कारण समय-सारणी में बदलाव किया गया है. यह नई व्यवस्था 1 नवंबर से लागू होगी. अगर आप दिवाली के आसपास अयोध्या जाने का प्लान बना रहे हैं, तो मंदिर पहुंचने से पहले आरती और दर्शन के समय की जानकारी जरूर कर लें. इससे आपकी यात्रा आसान होगी और आप प्रभु श्रीराम के दर्शन बेहतर तरीके से कर सकेंगे.