Sugar Price Hike: त्योहारों का मौसम शुरू हो चुका है, जिसका सीधा असर मीठाइयों पर देखने को मिल रहा है. चीनी के बढ़ते दाम ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है, खासतौर पर जब घर में मिठाइयों और पकवानों की तैयारी तेज हो रही है. देश के कई बाजारों में चीनी के भाव चढ़े हुए नजर आ रहे हैं, लेकिन दिल्ली में कुछ ऐसे थोक बाजार हैं, जहां अभी भी कम कीमत में चीनी मिल सकती है. आइए जानते हैं दिल्ली में कहां चीनी सस्ते भाव में मिलेगी और दाम तेजी से क्यों बढ़ते जा रहे हैं.
क्यों बढ़ रहे हैं चीनी के प्राइज?
पिछले कुछ हफ्तों से चीनी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ राज्यों में चीनी की खुदरा कीमत 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है. कीमत बढ़ने के पीछे कई कारण हैं. चीनी का उत्पादन, बाजार में उपलब्ध स्टॉक और बढ़ती मांग का सीधा असर इसके दाम पर पड़ता है. त्योहारों के समय मिठाई और दूसरी खाने-पीने की चीजों की मांग बढ़ जाती है. ऐसे में अगर बाजार में चीनी की सप्लाई कम हो जाए, तो इसके दाम और बढ़ सकते हैं.
दिल्ली के इन बाजारों में मिल सकती है सस्ती चीनी
- नजफगढ़ मंडी: यह दिल्ली की बड़ी थोक मंडियों में से एक है. यहां चीनी और दूसरी खाने-पीने की चीजें खुदरा बाजार के मुकाबले कम कीमत में मिल सकती हैं.
- केशोपुर मंडी: थोक सामान खरीदने के लिए यह बाजार काफी जाना जाता है. ज्यादा मात्रा में चीनी खरीदने पर यहां बेहतर भाव मिल सकता है.
- बहादुरगढ़ मंडी: दिल्ली के पास स्थित इस मंडी में किसान और थोक व्यापारी सीधे कारोबार करते हैं. इससे कई सामानों की कीमत अपेक्षाकृत कम रह सकती है.
- खारी बावली: यह दिल्ली की प्रमुख थोक किराना मंडियों में से एक है. यहां चीनी समेत कई जरूरी सामान मिलते हैं. ज्यादा मात्रा में खरीदारी करने पर दुकानदारों से बेहतर रेट मिल सकता है.
ये भी पढ़ें: चीन के रोबोट ने किया ऐसा कमाल, 9.39 सेकेंड में रेस पूरी कर बोल्ट को छोड़ा पीछे, बनाया नया कीर्तिमान
केंद्र सरकार ने उठाया बड़ा कदम
चीनी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. सरकार ने 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात को मंजूरी दी है. इसका मकसद बाजार में चीनी की सप्लाई बढ़ाना और त्योहारों से पहले कीमतों को काबू में रखना है. हालांकि, आयात की गई चीनी बाजार में कब तक पहुंचेगी और इससे दाम कितने कम होंगे, इसका पता आने वाले दिनों में चलेगा.