MP News: मध्य प्रदेश के दमोह जिले के हिंडोरिया में देवी विसर्जन जुलूस के दौरान जामा मस्जिद के पास हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए प्रकरण दर्ज कर लिया है. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और घटना के संबंध में अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
मस्जिद के बाहर नारेबाजी
जानकारी के अनुसार, यह घटना 20 अक्टूबर की बताई जा रही है. देवी विसर्जन के दौरान निकाला जा रहा जुलूस जब हिंडोरिया की जामा मस्जिद के पास पहुंचा, तो वहां अखाड़े के लोग जय श्रीराम के नारे लगाते और तलवारें लहराते नजर आए. इसी दौरान एक व्यक्ति बंदूक जैसी वस्तु से हवा में फायरिंग करता दिखाई दिया. वायरल वीडियो में फायरिंग के बाद धुआं उठता हुआ भी नजर आ रहा है.
जुलूस में निकाली बंदूक
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. हिंडोरिया थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर के मुताबिक, वीडियो में नगर की मस्जिद के पास देवी विसर्जन जुलूस के दौरान एक युवक बंदूक जैसी वस्तु से हवाई फायरिंग करता दिखाई दे रहा है. पुलिस ने वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है.
पूछताछ कर रही पुलिस
हिंडोरिया के थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है. मामले में आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है. इसके अलावा, घटना के संबंध में अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा सके. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: Diljit Dosanjh Delhi Concert: 30 अक्टूबर को दिल्ली में होगा दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट; मुंबई में मिली हमले की धमकी