Delhi Traffic Police Advisory: भारतीय जनता पार्टी (BJP) बुधवार, 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर कार्यक्रम आयोजित कर रही है. दिल्ली में इसका मुख्य कार्यक्रम ‘सेवा ज्योति’ के नाम से होगा. इसमें बीजेपी के कई बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है.
सुबह 5 बजे से लागू रहेगी ट्रैफिक पाबंदी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इंदिरा गांधी स्टेडियम के आसपास बुधवार सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक ट्रैफिक पर पाबंदियां रहेंगी. ट्रैफिक की स्थिति के अनुसार बहादुर शाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग (रिंग रोड), आईपी मार्ग और विकास मार्ग पर वाहनों को दूसरे रास्तों पर भेजा जा सकता है. रिंग रोड पर शांति वन क्रॉसिंग, राजघाट, भैरव मार्ग, गीता कॉलोनी फ्लाईओवर, आईपी फ्लाईओवर और सलीमगढ़ बाईपास के आसपास भी ट्रैफिक प्रभावित रहेगा. जेएलएन मार्ग पर डब्ल्यू-पॉइंट, दिल्ली गेट और राजघाट के बीच भी आवाजाही पर असर पड़ सकता है.
इन रास्तों से बचने की सलाह
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक बहादुर शाह जफर मार्ग, आईपी मार्ग, विकास मार्ग, जेएलएन मार्ग, रिंग रोड और सलीमगढ़ बाईपास से जाने से बचें. इसके अलावा, बुधवार सुबह 6 बजे से सेक्रेटेरिएट रोड और वेलोड्रोम रोड पर भी वाहनों की आवाजाही की अनुमति नहीं होगी. लोगों को सलाह दी गई है कि जरूरी होने पर ही इन रास्तों का इस्तेमाल करें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्ग अपनाएं.
प्रभावित इलाकों में पार्किंग भी बंद
ट्रैफिक पुलिस ने प्रभावित सड़कों और आसपास के इलाकों में पार्किंग नहीं करने की चेतावनी दी है. इन जगहों पर खड़ी गाड़ियों को पुलिस टो कर सकती है और वाहन मालिकों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है. इसलिए दिल्ली में सफर करने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति जरूर जांच लें और समय बचाने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें.
ये भी पढ़ें: Delhi NCR Earthquake: रात में अचानक हिली धरती, दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में भूकंप के झटके