Jabalpur Crime: मध्य प्रदेश के जबलपुर के गोहलपुर में तालिब शाह चौक पर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने BJP के पूर्व मंडल अध्यक्ष मंगन सिद्दीकी पर चाकुओं से हमला कर दिया. हमलावरों के इस बेखौफ हमले में मंगन सिद्दीकी गंभीर रूप से घायल हो गए. हमले से वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और चीख-पुकार मच गई.
क्या है हमले के पीछे की वजह?
सूत्रों के मुताबिक, मंगन सिद्दीकी लंबे समय से इलाके में अवैध ड्रग्स के धंधे के खिलाफ आवाज उठा रहे थे. यह ड्रग माफिया और अपराधियों की आंखों की किरकिरी बना हुआ था. बीती रात, जब मंगन सिद्दीकी अपने चाचा की दुकान सान्या ज्वेलर्स के पास खड़े होकर किसी से फोन पर बात कर रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और उन पर चाकुओं से हमला करना शुरू कर दिया.
मंगन के पेट, कमर, हाथ और पैर में चोटें आईं. हमले से वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई. कुछ लोगों ने हमलावरों को पकड़ने के लिए उनका पीछा किया, लेकिन वे धमकी देते हुए भाग गए.
फोन पर जान से मारने की धमकी
घायल मंगल को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूछताछ के बाद हमलावरों की तलाश शुरू कर दी. पुलिस पूछताछ के दौरान मंगल ने बताया कि अरमान ने पहले भी उसे फोन पर जान से मारने की धमकी दी थी.