TCS Employee Allegation: टीसीएस की नासिक ब्रांच में कई कर्मचारियों पर आरोप लगा है कि वे धर्मांतरण कराते हैं. एक-एक करके पीड़ित सामने आ रहे हैं और अपनी आपबीती बता रहे हैं. पीड़ितों में सबसे ज्यादा महिला कर्मचारी हैं. उन महिलाओं ने यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन के आरोप लगाए हैं. वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अब एक पुरुष कर्मचारी भी सामने आया है. दरअसल एक पुरुष कर्मचारी ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसे जबरन मुस्लिम वाली टोपी पहनाई गई. उसे जबरन नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया गया. इतना ही नहीं, आरोपियों ने कहा कि अगर तुम्हें बच्चा चाहिए, तो अपनी पत्नी को मेरे पास भेज दो.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, नासिक टीसीएस के एक कर्मचारी ने कहा कि उसके टीम लीडर ने उसे जबरन टोपी पहनाई, नमाज और कलमा भी पढ़वाया. उन्होंने उसकी निजी जिंदगी का मजाक उड़ाया. उन्होंने कहा कि अगर इलाज के कारण भी बच्चा नहीं हो रहा है, तो तुम अपनी पत्नी को मेरे पास भेज दो.
2022 में हुई उत्पीड़न की शुरुआत
पीड़ित ने बताया कि इस तरह के उत्पीड़न की शुरुआत साल 2022 में हुई थी. उसी समय युवक ने टीसीएस कंपनी जॉइन की थी. उसके बाद से ही उसके टीम लीडर तौसीफ अख्तर ने दानिश शेख के साथ मिलकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था. वे सभी लोगों को जबरन अपनी बात मनवाने की कोशिश करते थे. अगर कोई उनकी बात मानने से इनकार करता था, तो वे उन पर ज्यादा काम का बोझ डालते थे.
महिला कर्मचारी ने दर्ज कराई शिकायत
23 वर्षीय महिला कर्मचारी ने नासिक में उत्पीड़न की एफआईआर दर्ज कराई है. उसमें दोनों ही टीम लीडर तौसीफ और दानिश का नाम भी शामिल है. उसने आरोप लगाया है कि दानिश ने उसे जबरन चूमने की कोशिश की थी. वो जबरन उससे शादी करना चाहता था. साथ ही महिला ने आरोप लगाया है कि दानिश के साथियों, तौसीफ और एचआर निदा खान ने हिंदू देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी की. वहीं धर्मांतरण के इस मामले में पुलिस ने 5 पुरुष और दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा कई अन्य महिला कर्मचारियों ने शिकायत दी है, जिसके आधार पर नौ केस दर्ज किए गए हैं.