Smit Machchhar Talk to PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉल पर फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित माछर से बात की, जिन्होंने इज़राइल जाने वाली फ़्लाइट को क्रैश करने की अपने को-पायलट की कथित कोशिश को नाकाम करने में मदद की थी. उन्होंने उनकी हिम्मत, सूझबूझ और धैर्य की तारीफ़ की. बातचीत के दौरान, स्मित ने प्रधानमंत्री को बताया कि जब भी उन्हें मुश्किल होती है तो वह हनुमान चालीसा पढ़ते हैं. उन्होंने कहा कि वह फ्लाईदुबई फ़्लाइट में तनाव के समय में भी इसे पढ़ रहे थे.
पीएम मोदी को बताया आइडल
कॉल के दौरान कैप्टन स्मित इमोशनल हो गए और कहा कि PM मोदी से बात करना उनके लिए बहुत खास पल था. उन्होंने प्रधानमंत्री को यह भी बताया कि मोदी उनके “सबसे बड़े आइडल” हैं. PM मोदी ने स्मित से कहा कि पूरा देश उनके लिए प्रार्थना कर रहा है और उन्होंने विमान में सवार लोगों की जान बचाने के उनके साहस और इरादे की तारीफ़ की. प्रधानमंत्री ने कहा कि देश गर्व से कह सकता है कि भारतीय वे नहीं हैं जो जान लेते हैं, बल्कि वे हैं जो दूसरों को बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने को तैयार हैं.
पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित की मां गीता बेन का भी जिक्र किया और कहा कि उन्होंने उन्हें भगवद्गीता के मूल्यों और शिक्षाओं के साथ बड़ा किया है. स्मित ने कहा कि प्रधानमंत्री का फोन आना उनके लिए बेहद गर्व की बात है और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें पीएम मोदी से बात करने का मौका मिलेगा. इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी कैप्टन स्मित मच्छर के साहस और दूसरों की जान बचाने के उनके प्रयास की तारीफ कर चुके हैं. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी उनकी बहादुरी की सराहना करते हुए कहा था कि उन्होंने “9/11 जैसी त्रासदी” को टालने में मदद की.पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित की पत्नी और माता-पिता से भी बात की और उनकी बहादुरी की प्रशंसा की.
#WATCH | Flydubai Captain Smit Machchhar turns emotional as he recounts his ordeal before PM Modi; he says, “You are my biggest idol. I feel proud of the way you are encouraging me today. I had so many injuries, but I told myself I have to get up and act. At the time, I told… pic.twitter.com/eqGloeCTSl
— ANI (@ANI) October 2, 2026
क्या हुआ था फ्लाईदुबई की फ्लाइट में?
फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 बुधवार को दुबई से तेल अवीव के लिए रवाना हुई थी. विमान ने इमरजेंसी सिग्नल भेजे और अचानक तेजी से ऊंचाई खोने लगा. इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया.विमान में 174 यात्री सवार थे, जिनमें 27 बच्चे शामिल थे. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कैप्टन स्मित खून से लथपथ, ऑक्सीजन मास्क पहने और विमान की गैली में जमीन पर लेटे हुए दिखाई दिए.
इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू के मुताबिक, एक इजरायली यात्री ने उन्हें बताया कि विमान अचानक तेजी से नीचे जाने लगा था. इसके बाद यात्री और चालक दल के एक सदस्य ने कॉकपिट में पहुंचकर कथित तौर पर सह-पायलट को काबू करने में मदद की. सह-पायलट पर कैप्टन स्मित को चाकू मारने और विमान के सिस्टम को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने का आरोप है.घटना के बाद संयुक्त अरब अमीरात ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हमले के पीछे की वजह या कथित हमले का मकसद अभी जांच के दायरे में है.