Rajasthan 4 Murder Case: राजस्थान के जयपुर से सामने आई एक दर्दनाक वारदात ने हर किसी को झकझोर दिया है. करधनी इलाके की गोविंद वाटिका कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक ही परिवार की चार महिलाओं की हत्या कर दी गई. मरने वालों में 45 वर्षीय गीता देवी और उनकी तीन बेटियां नंदिनी, राधिका और गौरी शामिल हैं. पुलिस को शक है कि चारों की जान उनके ही घर में ली गई.
सबसे दर्दनाक बात यह है कि जिस घर में कभी बच्चों की आवाजें और परिवार की रोजमर्रा की चहल-पहल रहती थी, वहीं चार जिंदगियां हमेशा के लिए खामोश मिलीं. पुलिस के मुताबिक, महिलाओं के सिर पर सीमेंट की ईंट से हमला किया गया. हालांकि हत्या की पूरी वजह अभी सामने नहीं आई है.
दूध लाया, चाय बनाई और फिर…
पुलिस के मुताबिक, परिवार का मुखिया राहुल झा वारदात के बाद से फरार है. उसका मोबाइल फोन भी बंद है. घर में राहुल के बुजुर्ग पिता लक्ष्मीकांत झा भी रहते थे. उन्होंने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 8 बजे राहुल ने उन्हें चाय बनाकर दी थी. इससे पहले उसने दूध भी लिया था. कुछ देर बाद जब लक्ष्मीकांत परिवार के बाकी सदस्यों को देखने पहुंचे तो घर के अंदर का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. गीता देवी का शव दूसरी मंजिल पर मिला. वहीं उनकी तीनों बेटियां पहली मंजिल के कमरे में मृत पड़ी थीं.
शेयर बाजार में लॉस
शुरुआती जांच में सामने आया है कि राहुल के आर्थिक हालात ठीक नहीं थे. बताया जा रहा है कि वह टाइल्स सप्लाई का काम करता था और कुछ समय से शेयर बाजार में भी पैसा लगा रहा था. पुलिस को जानकारी मिली है कि उसे शेयर मार्केट में नुकसान हुआ था और उस पर कर्ज भी था. इतना ही नहीं, घटना से लगभग तीन दिन पहले राहुल ने पड़ोस की एक महिला से 25 हजार रुपये उधार लिए थे. उसने यह रकम दो महीने में लौटाने की बात कही थी. कहा जा रहा है कि इस लॉस के कारण ही वो सबकी हत्या कर मौके से फरार हो गया.
पड़ोसियों को नहीं हो रहा यकीन
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि पड़ोसी और रिश्तेदार राहुल और गीता के रिश्ते को सामान्य बताते हैं. लोगों का कहना है कि दोनों के बीच बहुत कम लड़ाई-झगड़े होते थे. राहुल धार्मिक स्वभाव का था और रोज मंदिर जाता था. ऐसे में ये यकीन कर पाना मुश्किल है कि राहुल ने ऐसा कुछ किया है. पुलिस फिलहाल पारिवारिक विवाद, आर्थिक तंगी, कर्ज और कारोबारी नुकसान समेत हर पहलू की जांच कर रही है.