तमिलनाडु के शिवगंगा जिले से मानवीय रिश्तों को झकझोर कर रख देने वाली दो बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आई हैं, जिन्हें जानकर हर कोई हैरान है. पहली घटना कराईकुडी के पास की है, जहां एक पति को दोपहर के खाने में पत्नी द्वारा बासी चावल परोसना इतना नागवार गुजरा कि उसने गुस्से में आकर अपनी 42 वर्षीय पत्नी उय्यामल की बेरहमी से पीटकर हत्या कर वहीं ढेर कर दिया. आरोपी पति प्रशांत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, दूसरी घटना भी इसी जिले के तिरुप्पुवनम इलाके की है, जहां जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आए एक शराबी पति योगराजा ने अपनी पत्नी पंडिचेल्वी को सिर्फ इसलिए मौत के घाट उतार दिया क्योंकि पत्नी ने उसे शराब के लिए पैसे देने से साफ इनकार कर दिया था. इन दोनों ही जघन्य मामलों ने समाज के भीतर बढ़ती घरेलू हिंसा और गुस्से पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
बासी चावल परोसने पर ले ली जान
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात कराईकुडी के पास कोट्टैयूर की है. आरोपी 35 वर्षीय प्रशांत एक दैनिक मजदूर है, जिसकी पहले भी शादी टूट चुकी थी और तलाक के बाद उसने पुदुवयूर की रहने वाली 42 वर्षीय उय्यामल से दूसरी शादी की थी. दंपति पुदुवयूर में रहते थे और उनके बीच अक्सर पारिवारिक कलह और झगड़े होते रहते थे. बुधवार दोपहर को जब उय्यामल ने प्रशांत को दोपहर के खाने में बासी चावल परोस दिए, तो वह बुरी तरह भड़क उठा. गुस्से में अंधे हो चुके प्रशांत ने अपनी पत्नी पर हमला कर दिया और उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया. गंभीर चोटें आने के कारण उय्यामल की मौके पर ही मौत हो गई. सक्कोट्टाई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कराईकुडी सरकारी अस्पताल भेजा और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया.
शराब के लिए पैसे न देने पर पत्नी का कत्ल
शिवगंगा जिले में ही सामने आए दूसरे मामले में, तिरुप्पुवनम के पास सोट्टाथट्टी के रहने वाले 29 साल के एक दैनिक मजदूर योगराजा ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी पंडिचेल्वी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. पुलिस ने बताया कि आरोपी योगराजा किसी मामले में पहले से जेल में बंद था और मंगलवार को ही जमानत पर बाहर आया था. जेल से छूटने के अगले ही दिन उसने अपनी पत्नी से शराब पीने के लिए पैसों की मांग की. जब पंडिचेल्वी ने उसे पैसे देने से इनकार कर दिया, तो गुस्से में आकर उसने बेरहमी से पत्नी को मौत के घाट उतार दिया. तिरुप्पुवनम पुलिस ने इस मामले में भी तुरंत कार्रवाई करते हुए हत्या का केस दर्ज किया और आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. दोनों ही घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी है.