Watch Video: तमिलनाडु के रामनाथपुरम स्थित नए पंबन रेलवे ब्रिज से एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है. समुद्र के ऊपर बने इस खूबसूरत पुल पर ट्रेन से सफर के दौरान दो यात्रियों ने समुद्र में छलांग लगा दी. दोनों घटनाएं कुछ ही घंटों के अंतराल में हुईं. इस हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद रेलवे यात्रियों और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
पंबन ब्रिज से ट्रेन गुजरते ही समुद्र में कूदा युवक
पहली घटना शनिवार रात की है. रामेश्वरम से मदुरै जा रही पैसेंजर ट्रेन जब नए पंबन समुद्री पुल से गुजर रही थी, तभी एक युवक अचानक समुद्र में कूद गया. युवक को समुद्र में गिरता देख ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही साथी यात्रियों और रेलवे पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी. काफी खोजबीन के बाद रविवार को युवक का शव पंबन के पास मुल्लीमुनई द्वीप के नजदीक समुद्र किनारे मिला. मरीन पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है. फिलहाल युवक की पहचान और उसके घर का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
#SHOCKING: Woman Jumps From Moving Train Into Sea While Crossing Pamban Bridge A woman passenger was seriously injured after jumping from a moving train while it was crossing the new Pamban Railway Bridge in Tamil Nadu on November 15, 2026. Interestingly, this was the second such incident within hours. A young man had jumped from another train on Saturday night, and his body was later recovered near Mullimunai Island.
— upuknews (@upuknews1) November 15, 2026
अमृता एक्सप्रेस से कूदी महिला
दूसरी घटना रविवार सुबह हुई. केरल के पलक्कड़ से रामेश्वरम जा रही अमृता एक्सप्रेस जब पंबन ब्रिज से गुजर रही थी, तभी एक महिला यात्री अचानक समुद्र में कूद गई. इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस इंस्पेक्टर कथिरवेल के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद महिला को समुद्र से बाहर निकाला. उस समय महिला बेहोशी की हालत में थी. उसे पानी और प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस के मुताबिक, महिला की पहचान और उसके मूल स्थान की जानकारी अभी नहीं मिल पाई है. वह समुद्र में क्यों कूदी, इसकी वजह भी साफ नहीं हुई है. महिला की हालत स्थिर होने के बाद पुलिस उससे पूछताछ करेगी.
अभी तक नहीं हो पाई दोनों यात्रियों की पहचान
इन दोनों घटनाओं में एक बात समान है कि फिलहाल पुलिस दोनों यात्रियों की पहचान नहीं कर पाई है. शनिवार रात समुद्र में कूदने वाले युवक के शव को बरामद कर लिया गया है, जबकि महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर यात्रियों ने ट्रेन से समुद्र में छलांग क्यों लगाई.
सेल्फी और वीडियो बनाने के दौरान भी हो चुके हैं हादसे
रामेश्वरम देश के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों में से एक है. यहां हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं. ट्रेन से रामेश्वरम जाने वाले यात्रियों को नए पंबन रेलवे ब्रिज से होकर गुजरना पड़ता है. समुद्र के बीच बने इस पुल से गुजरते समय आसपास का नजारा बेहद खूबसूरत दिखाई देता है. हालांकि, इस खूबसूरत नजारे के बीच यात्रियों की लापरवाही कई बार हादसों की वजह बन चुकी है. इससे पहले भी पुल से गुजरती ट्रेनों में सेल्फी लेने और वीडियो बनाने के दौरान यात्रियों के समुद्र में गिरने की घटनाएं सामने आई हैं. कुछ मामलों में मछुआरों ने समय रहते समुद्र में गिरे लोगों की जान बचाई थी.
ये भी पढ़ें: Caught on CCTV: पहले बेरहमी से पीटा फिर ट्रायल रूम में ले जाकर…,शोरूम हत्या का खौफनाक वीडियो आया सामने
पंबन ब्रिज पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
कुछ ही घंटों के भीतर हुई इन दो घटनाओं ने रेलवे और स्थानीय प्रशासन के सामने सुरक्षा को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है. पंबन ब्रिज पर रोजाना हजारों यात्री सफर करते हैं. ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है. इन घटनाओं के बाद पुल से गुजरने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग उठ रही है. लोगों का मानना है कि रेलवे को यात्रियों की निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ जागरूकता और सुरक्षा के लिए भी ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके.