Telangana Crime News: तेलंगाना के खम्मम जिले में, 10वीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र की कथित तौर पर जहर देकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि एक 19 वर्षीय महिला और उसके 14 वर्षीय साथी ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. छात्र ने उन्हें एक साथ देख लिया था और उनके रिश्ते के बारे में उनके परिवारों को बताने की धमकी दी थी. मृतक की पहचान जल्लेला रवि के रूप में हुई है, जो कल्लूरु इलाके के एक गांव का रहने वाला था. वह सथुपल्ली कस्बे में पढ़ाई कर रहा था और दशहरा की छुट्टियों में अपने गांव लौटा था.
पुलिस के अनुसार, अपर्णा नाम की यह महिला अपने पति से करीब छह महीने से अलग रह रही थी और उसी गांव में अपनी दादी के घर पर रह रही थी. इस दौरान, इलाके के ही एक 14 वर्षीय लड़के के साथ उसके कथित संबंध बन गए.
धमकी देना पड़ा भारी
घटना तब गंभीर मोड़ ले गई जब 20 अक्टूबर को रवि ने उन दोनों को एक कमरे में एक साथ देख लिया और चेतावनी दी कि वह उनके परिवारों को इस बारे में बता देगा. पकड़े जाने के डर से, दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची. 21 अक्टूबर को, वह नाबालिग लड़का रवि को एक सुनसान जगह पर ले गया और उसे कोल्ड ड्रिंक में खरपतवार नाशक मिलाकर पिला दिया. इसे पीने के तुरंत बाद, लड़के के गले में जलन होने लगी, मुंह में छाले पड़ गए और त्वचा पर रिएक्शन होने लगा. जब रवि ने आरोपियों से इस बारे में पूछा, तो उन्होंने मान लिया कि ड्रिंक में जहर मिला हुआ था. इसके बाद रवि ने अपने परिवार को पूरी घटना के बारे में बताया.परिवार वाले उसे खम्मम सरकारी अस्पताल ले गए.
इलाज के दौरान हुई मौत
हालत बिगड़ने पर उसे वारंगल के महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान 8 नवंबर को उसकी मौत हो गई. पीड़ित परिवार की शिकायत और रवि के बयान के आधार पर, कल्लूरु पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
क्या बोली पुलिस?
कल्लूरु के सब-इंस्पेक्टर जे. नागराज ने बताया, ‘हमने दोनों को रिमांड के लिए अदालत में पेश किया. नाबालिग को वारंगल के जुवेनाइल होम भेज दिया गया है. वहीं महिला को सथुपल्ली सब-जेल भेज दिया गया है. मामले की आगे की जांच चल रही है.’