Sairang Express Derailment: पूर्वोत्तर भारत में कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना ने रेलवे सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. हादसे से जुड़ा करीब 45 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. इसमें ट्रेन के ड्राइवर को लगातार पावर लीवर और अलग-अलग स्विच चलाने की कोशिश करते देखा जा सकता है, लेकिन कथित तौर पर कोई भी सिस्टम काम करता नजर नहीं आता. वीडियो में सुनाई दे रही घबराई हुई आवाज और ट्रेन के भीतर अचानक हुई टक्कर ने इस घटना को और भी चिंताजनक बना दिया है. जानकारी के मुताबिक, हादसे में ट्रेन के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए. राहत की बात यह है कि पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (NFR) के अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल किसी यात्री की मौत या घायल होने की सूचना नहीं मिली है. हालांकि, इस वीडियो की अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
सुबह 6:54 बजे डिगारू स्टेशन के पास हुआ हादसा
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, कोलकाता से मिजोरम के आइजोल के नजदीक स्थित सैरंग जा रही कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस कामरूप (मेट्रोपॉलिटन) जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब 6:54 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गई. बताया जा रहा है कि ट्रेन स्टेशन के पास पहुंची ही थी कि अचानक कुछ गड़बड़ी हुई और उसके पांच डिब्बे पटरी से उतर गए. घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कराया. हादसे की सूचना मिलते ही एक रिकवरी ट्रेन को घटनास्थल पर भेजा गया, ताकि पटरी से उतरे डिब्बों को हटाया जा सके और रेलवे ट्रैक को दोबारा चालू किया जा सके.
At least six coaches of the Kolkata–Sairang Express (13125) derailed at Digaru station near Guwahati, Assam, around 6.54am Wednesday. The loco pilot reportedly failed to control the train’s speed while allowing another train to pass. https://t.co/B4hbIKKcSS
— Arvind Chauhan (@Arv_Ind_Chauhan) November 11, 2026
वायरल वीडियो में सुनाई दी ड्राइवर की घबराहट
इस हादसे का सबसे चिंताजनक पहलू सामने आया 45 सेकंड का एक वीडियो है. वीडियो में एक व्यक्ति ट्रेन के कंट्रोल पैनल के सामने बैठा दिखाई देता है. वह लगातार पावर लीवर और अलग-अलग स्विच चलाने की कोशिश करता है, लेकिन ट्रेन की गति को नियंत्रित करने में सफल होता नजर नहीं आता. वीडियो में व्यक्ति को कहते हुए सुना जा सकता है, ‘BP प्रेशर कम नहीं हो रहा है.’ इसके बाद वह कहता है, ‘सिग्नल लाल है. इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए गए हैं, लेकिन वे काम नहीं कर रहे हैं.’ कुछ ही पलों बाद उसकी आवाज में घबराहट और बढ़ जाती है. वह कहता है, ‘कुछ भी काम नहीं कर रहा है.’ इसी दौरान ट्रेन किसी चीज से टकराती है. झटके के कारण कंट्रोल पैनल पर रखी कांच की बोतल नीचे गिरकर टूट जाती है. हालांकि, केवल इस वीडियो के आधार पर तकनीकी खराबी या हादसे का सटीक कारण निर्धारित नहीं किया जा सकता.
ये भी वीडियो : Caught On CCTV: पनवेल में पुलिसकर्मी पर कार से जानलेवा हमला! टक्कर मारकर बोनट पर घसीटता रहा ड्राइवर, CCTV से खुल सकता है बड़ा राज
पटरी से उतरने के बाद भी चलती रही ट्रेन
हादसे के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने अपने डरावने अनुभव साझा किए. समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में ट्रेन के पैंट्री कार मैनेजर ने बताया कि शुरुआत में यात्रा सामान्य थी और गुवाहाटी तक सब कुछ ठीक चल रहा था. उनके मुताबिक, गुवाहाटी में ट्रेन रुकने के बाद फिर से अपनी यात्रा पर आगे बढ़ी. ट्रेन की रफ्तार भी सामान्य से अच्छी थी. लेकिन डिगारू स्टेशन पर पहुंचते समय उसकी गति कुछ कम हुई और प्लेटफॉर्म पार करते वक्त अचानक तेज आवाज सुनाई दी. पैंट्री कार मैनेजर ने बताया कि कुछ ही मीटर आगे बढ़ने पर उन्हें महसूस हुआ कि इंजन पटरी से उतर गया है. इसके बावजूद ट्रेन लगभग एक किलोमीटर तक आगे चलती रही.
ये भी वीडियो : Caught on CCTV: ग्राहक बनकर आए चोरों को दुकानदार दिखाता रह गया अंगूठियां , सामने से ही लेकर फरार हुए 2.5 तोला गोल्ड; वीडियो वायरल
डिस्क्लेमर: इंडिया न्यूज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है. वीडियो में दिखाई दे रहे दृश्य और उसमें किए जा रहे दावों की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. यह खबर सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर तैयार की गई है.