Kiran Khan Third Marriage: पाकिस्तानी अभिनेत्री और टीवी होस्ट किरण खान ने 51 साल की उम्र में उन्होंने तीसरी बार शादी की है. दिलचस्प बात यह है कि शादी के बाद किरण ने सिर्फ अपनी नई जिंदगी को लेकर ही बात नहीं की बल्कि शादी के रिश्ते को समझने का एक अलग नजरिया भी सामने रखा है. जानकारी के अनुसार, किरण खान ने इसी साल सितंबर में पाकिस्तानी कारोबारी मिर्जा इश्तियाक बेग के साथ निकाह किया. दोनों ने मक्का में बेहद सादगीपूर्ण तरीके से शादी की. निकाह के बाद इस जोड़े ने साथ में उमराह भी किया. 51 साल की उम्र में तीसरी बार शादी करने को लेकर किरण काफी चर्चा में रहीं.
सिर्फ रोमांस के लिए नहीं शादी
हाल ही में किरण खान ने पाकिस्तानी अभिनेत्री निदा यासिर के टॉक शो में हिस्सा लिया. यहां उन्होंने शादीशुदा जिंदगी के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को एक खास सलाह दी. किरण के मुताबिक, शादी के शुरुआती दिनों को केवल रोमांस और हनीमून के नजरिए से नहीं देखना चाहिए. असल में यह वह समय होता है जब दो लोग एक-दूसरे की आदतों, सोच और व्यवहार को समझना शुरू करते हैं. उन्होंने कहा कि अलग-अलग माहौल में पले-बढ़े दो लोगों का एक साथ रहना आसान नहीं हो. ऐसे में दोनों को एक-दूसरे के साथ तालमेल बैठाने के लिए समय देना चाहिए. शादी में सिर्फ प्यार ही नहीं बल्कि समझदारी और धैर्य भी जरूरी है.
सोशल मीडिया देखकर न करें तुलना
किरण ने सोशल मीडिया पर दिखने वाली खुशहाल तस्वीरों को देखकर अपने रिश्ते का आकलन करने की आदत पर भी बात की. उनका मानना है कि इंटरनेट पर हर किसी की जिंदगी खूबसूरत दिखाई देती है लेकिन वास्तविक रिश्तों में कई तरह की चुनौतियां होती हैं. इसलिए दूसरों की जिंदगी से तुलना करने के बजाय अपने रिश्ते को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि पति-पत्नी के बीच बातचीत कभी बंद नहीं होनी चाहिए. अपनी परेशानी और भावनाओं को खुलकर लेकिन शांति से साझा करना जरूरी है.
पहले भी देख चुकी हैं उतार-चढ़ाव
किरण खान की निजी जिंदगी में पहले भी कई बदलाव आए हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी पहली शादी से एक बेटा है. साल 2013 में उन्होंने पाकिस्तानी सेना के सेवानिवृत्त मेजर नाजिर अली से दूसरी शादी की थी लेकिन यह रिश्ता कुछ वर्षों बाद खत्म हो गया. उन्होंने अब मिर्जा इश्तियाक बेग के साथ निकाह कर किरण ने नई शुरुआत की है.