RPF Jawan Viral Video: तेलंगाना के हाफिजपेट रेलवे स्टेशन से सामने आया एक वीडियो इन दिनों चर्चा में है. वीडियो में वर्दी पहने एक जवान एक महिला के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है. जवान ने महिला को पीटा और इसके बाद उसके बाल पकड़कर उसे घसीटा. स्टेशन परिसर के पास हुई इस घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
वीडियो सामने आने के बाद रेलवे और पुलिस अधिकारियों तक मामला पहुंचा और संबंधित जवान के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई. हालांकि महिला और जवान के बीच विवाद किस वजह से शुरू हुआ था, इसके बारे में पता नहीं चल सका है.
महिला के साथ हाथापाई
वायरल फुटेज में वर्दी पहने जवान महिला के साथ हाथापाई करता नजर आता है. वीडियो में वह महिला के साथ पहले तो बहस करता है. इसके बाद उसे डंडों से मारता है. फिर वो महिला पर एक-एक कर कई थप्पड़ बरसाता है. कुछ देर बाद उसके बाल पकड़कर घसीटता हुआ काफी दूर तक ले जाता है. इस वीडियो के सामने आने के बाद लोग RPF जवान के व्यवहार पर काफी सवाल उठा रहे हैं.
🚨 HYDERABAD : A video allegedly shows an RPF constable beating a woman and dragging her by the hair outside Hafizpet Railway Station. The footage, reportedly recorded on Friday night, has sparked outrage over the alleged incident. pic.twitter.com/PvFfezTF19
— indiainlast24hr (@indiain24hr) September 19, 2026
जवान की पहचान
दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) और RPF ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू की. सिकंदराबाद स्थित रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति RPF का नियमित कर्मचारी नहीं है. वो तेलंगाना राज्य पुलिस का होम गार्ड है. आरोपी हाफिजपेट रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात था. अधिकारियों के अनुसार, उसे जरूरी अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए तेलंगाना राज्य पुलिस विभाग को वापस भेज दिया गया है.
CCTV और गवाहों से खुलेगा पूरा मामला
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों और सबूतों की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी. मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए वायरल वीडियो के अलावा स्टेशन परिसर में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा सकती है. घटना के बारे में पूरी कार्रवाई और होम गार्ड से पूछताछ के बाद ही मामला साफ हो सकेगा.