UP Police Vacancy 2026: उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में नौकरी (Sarkari Naukri) की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है. उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) वित्तीय वर्ष 2026-27 में अलग-अलग चरणों में बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रहा है. इस भर्ती अभियान के तहत राज्य पुलिस विभाग में 81 हजार से अधिक पदों को भरा जाएगा.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि इससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और राज्य में एक मजबूत, आधुनिक और बेहतर पुलिस व्यवस्था तैयार करने में मदद मिलेगी.
अलग-अलग पदों के लिए जारी होंगे नोटिफिकेशन
UPPRPB की ओर से विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग समय पर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किए जाएंगे. नोटिफिकेशन जारी होने के बाद उम्मीदवार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी कुछ परीक्षाएं और आवेदन पहले ही शुरू हो चुके हैं, जबकि अन्य पदों के लिए अधिसूचना आने वाले समय में जारी की जाएगी. उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें.
UP Police Recruitment में होगी कई चरणों की परीक्षा
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती में उम्मीदवारों को कई चरणों से गुजरना होगा. सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, जो कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) के रूप में होगी. यह परीक्षा ऑब्जेक्टिव टाइप होगी, जिसमें उम्मीदवारों की सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, रीजनिंग और न्यूमेरिकल एबिलिटी जैसे विषयों की समझ को परखा जाएगा. वहीं, सब-इंस्पेक्टर जैसे पदों के लिए कानून, भारतीय संविधान और संबंधित विषयों से जुड़े प्रश्न भी पूछे जाएंगे.
युवाओं के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 बहुत महत्वपूर्ण होने जा रहा है। इस वर्ष उत्तर प्रदेश में 81,000 से अधिक पदों पर पुलिस भर्ती की तैयारी है।
यह भर्ती अभियान युवाओं को रोजगार प्रदान करने के साथ ही प्रदेश को ऊर्जावान बनाएगा और आधुनिक पुलिस बल उपलब्ध कराएगा।
— मुख्यमंत्री… pic.twitter.com/HxmftZdhgc
— Government of UP (@UPGovt) April 3, 2026
लिखित परीक्षा के बाद होगा फिजिकल टेस्ट
CBT परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद सफल उम्मीदवारों को अगले चरण में शामिल किया जाएगा. इसमें सबसे पहले फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) होगा, जिसमें उम्मीदवारों की शारीरिक योग्यता और निर्धारित मानकों की जांच की जाएगी. इसके बाद उम्मीदवारों को फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) देना होगा. इस चरण में दौड़ और अन्य शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से उम्मीदवारों की फिटनेस जांची जाएगी.
मेडिकल जांच और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन जरूरी
फिजिकल टेस्ट में सफल उम्मीदवारों को मेडिकल परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया से गुजरना होगा. अंतिम चयन सभी चरणों में प्रदर्शन और निर्धारित मानकों को पूरा करने के आधार पर किया जाएगा.
युवाओं के लिए बड़ा अवसर
उत्तर प्रदेश पुलिस में 81 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती की घोषणा राज्य के लाखों नौकरी उम्मीदवारों के लिए एक बड़ा अवसर है. पुलिस विभाग में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं को अभी से लिखित परीक्षा और शारीरिक तैयारी पर ध्यान देना शुरू कर देना चाहिए.