भारतीय डेयरी उत्पाद की गुणवत्ता की तारीफ हमेशा से व्यापक स्तर पर होती रही है. हाल ही में दो भारतीय डेयरी ब्रांडों ने टेस्टएटलस की विश्व के सर्वश्रेष्ठ और सबसे प्रतिष्ठित मक्खनों की सूची में स्थान प्राप्त किया है.
इस रैंकिंग में शामिल भारतीय उत्पाद हैं गिर ऑर्गेनिक का ए2 गिर गाय का घी और अमूल का शुद्ध घी. इस सूची में डेनमार्क, इंग्लैंड, बेल्जियम, फ्रांस और आयरलैंड जैसे देशों के मक्खन उत्पादक भी शामिल हैं.
टॉप 10 में बनाई जगह
टेस्टएटलस के अनुसार, दोनों भारतीय उत्पाद सूची में छठे स्थान पर रहे. इस घोषणा को इंस्टाग्राम के आधिकारिक हैंडल पर साझा किया गया, जिसमें लिखा था, “हमने असाधारण गुणवत्ता, शिल्प कौशल और प्रीमियम विशेषताओं के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ’ और समृद्ध इतिहास, वैश्विक पहचान और सांस्कृतिक महत्व के लिए ‘आइकॉनिक’ का चयन किया है. कभी-कभी ये दोनों अलग होते हैं. कभी-कभी, एक असाधारण मक्खन दोनों गुणों से परिपूर्ण होता है.”
इन घी ब्रांडों के बारे में और अधिक जानकारी
गिरऑर्गेनिक का ए2 गिर गाय का घी गुजरात में स्थित अपने प्रमाणित जैविक फार्म में पाली जाने वाली देसी गिर गायों के दूध से घी बनाने के लिए जाना जाता है. वहीं, अमूल प्योर घी भारत के सबसे प्रसिद्ध डेयरी उत्पादों में से एक है. यह अपने विशिष्ट पीले रंग, मनमोहक सुगंध और दानेदार बनावट के लिए जाना जाता है, ये वे गुण हैं जो अक्सर पारंपरिक रूप से तैयार किए गए घर के बने घी से जुड़े होते हैं.
TasteAtlas की सर्वश्रेष्ठ मक्खन सूची में और कौन से देश शामिल हैं?
भारतीय उत्पादों के अलावा, दुनिया भर के कई मक्खन उत्पादकों ने इस सूची में जगह बनाई. ऑस्ट्रेलिया ने पेपे साया के नमकीन कल्चर्ड बटर और वेस्टर्न स्टार के ओरिजिनल नमकीन बटर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया. बेल्जियम एल एंड एल प्लाक्वेट के बेउरे फ्लेउर डी सेल और कार्ल्सबर्ग के बेउरे डी’आर्डेन एओपी डौक्स के साथ दूसरे स्थान पर है. वहीं इसके अलावा डेनमार्क ने एबीब्रो मेजेरी के गैमेलडैग्स कार्नेट और लुरपाक के थोड़ा नमकीन मक्खन के साथ तीसरा स्थान हासिल किया.