Dark Chocolate Benefits: चॉकलेट का नाम सुनते ही बच्चों से लेकर बड़ों तक कई लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है. लोगों का मानना है कि चॉकलेट सेहत के लिए नुकसानदायक होती है लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर चॉकलेट सेहत के लिए एक खराब नहीं होती? खासतौर पर डार्क चॉकलेट को दूसरी चॉकलेट के मुकाबले बेहतर विकल्प माना जाता है. इसमें कोको की मात्रा ज्यादा होती है और आयरन, मैग्नीशियम, कॉपर, मैंगनीज, फाइबर और फ्लेवोनॉइड्स जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं.
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि डार्क चॉकलेट जितनी चाहें उतनी खाई जा सकती है. इसमें भी कैलोरी और चीनी होती है. इसे सीमित मात्रा में खाना और खरीदते समय सही प्रोडक्ट चुनना बेहद जरूरी है.
मिल्क चॉकलेट से कितनी अलग है डार्क चॉकलेट
डार्क चॉकलेट में मौजूद कोको और फ्लेवोनॉइड्स इसे सामान्य मिल्क चॉकलेट से अलग बनाते हैं. फ्लेवोनॉइड्स एंटीऑक्सीडेंट की तरह काम करते हैं और शरीर को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने में मदद कर सकते हैं.
डार्क चॉकलेट खाने के फायदे?
- कोको में मौजूद फ्लेवोनॉइड्स ब्लड फ्लो को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं. इसे दिल की सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है.
- कुछ स्टडीज में कोको के सेवन और स्वस्थ ब्लड प्रेशर के बीच संभावित संबंध देखा गया है. ऐसे में ये ब्लड प्रेशर में मददगार साबित हो सकती है.
- डार्क चॉकलेट में मौजूद फ्लेवोनॉइड्स शरीर की कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद कर सकते हैं.
- डार्क चॉकलेट में फाइबर भी पाया जाता है, जो पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद हो सकता है.
- इसमें आयरन, मैग्नीशियम, कॉपर और मैंगनीज जैसे मिनरल्स पाए जाते हैं, जो शरीर के सामान्य कामकाज के लिए जरूरी हैं.
- चॉकलेट खाने से कुछ लोगों को अच्छा महसूस हो सकता है. हालांकि, इसे तनाव या मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज नहीं माना जाना चाहिए.
किन लोगों को डार्क चॉकलेट से रहना चाहिए सावधान?
डार्क चॉकलेट में कोको के साथ कुछ मात्रा में कैफीन भी हो सकता है. इसलिए कैफीन के प्रति संवेदनशील लोगों को इसे खाने के बाद परेशानी हो सकती है. कुछ लोगों में चॉकलेट माइग्रेन के लक्षणों को भी ट्रिगर कर सकती है. इसके अलावा डायबिटीज वाले लोगों को भी डार्क चॉकलेट खरीदते समय उसकी चीनी और कुल कार्बोहाइड्रेट की मात्रा पर ध्यान देना चाहिए. ‘डार्क’ लिखे होने का मतलब यह नहीं है कि उसमें चीनी बिल्कुल नहीं होती. साथ ही अगर किसी व्यक्ति को चॉकलेट में मौजूद किसी सामग्री से एलर्जी है, तो उसे इसका सेवन नहीं करना चाहिए. वहीं, अगर किसी बीमारी या दवा की वजह से डॉक्टर ने चॉकलेट से परहेज करने की सलाह दी है, तो डॉक्टर की सलाह को प्राथमिकता दें.