Karela Paratha Recipe: घर में जब भी करेले बनाने की बात आती है, तो बहुत से लोग अक्सर मुंह बना लेते हैं. खासकर बच्चे करेले खाने से पहले बहुत नखरे करते हैं. ऐसे में क्या कभी आप ये सोच सकते हैं कि जिस सब्जी को देखकर सभी मुंह बनाते हैं, वो सुपरस्टार भी बन सकती है. बस आपको उन्हें बताना नहीं है कि ये डिश करेले से बनी हुई है. दरअसल हम आपको करेले के पराठे की रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिसकी मदद से आपके बच्चे बड़े चाव से करेले खा सकते हैं. आपको रणवीर बरार के स्टाइल में करेले के पराठे बनाने हैं.
आपने आलू, गोभी, प्याज और मूली के पराठे तो लगभग सभी ने खाए होंगे, लेकिन करेले के पराठे बहुत कम लोगों ने खाए होंगे. मशहूर शेफ रणवीर बरार ने करेले को ऐसा मेकओवर दिया है कि बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी बड़े चाव से करेले खाएंगे और हैरानी की बात ये है कि इन करेलों में कड़वाहट भी नहीं है.
करेले के पराठे बनाने के लिए जरूरी चीजें
करेले के पराठे बनाने के लिए आपको डेढ़ कप गेहूं का आटा लेना है, 1 मीडियम करेला लेना है, जो धुला, छिला और बारीक कटा होने के साथ ही उसमें नमक भी मिला हो. 2 चम्मच मैश किए हुए आलू, नमक, पानी, छोटा चम्मच गरम मसाला, 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, चौथाई चम्मच हल्दी, आधा कप बारीक कटा हुआ प्याज, आधा छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, आधा कप कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल, छोटा चम्मच जीरा, 2 कटी हुई हरी मिर्च,
पराठे की फिलिंग कैसे करें तैयार?
- पराठे की फिलिंग बनाने के लिए करेले को काटकर उसमें नमक लगाकर साइड में रख दें. इसके बाद उन्हें अच्छे से निचोड़ लें. ऐसा करने से उसका एक्स्ट्रा पानी और कड़वाहट खत्म हो जाती हैं.
- इतना करने के बाद एक कड़ाही लें. कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें और फिर जीरा डालें.
- इसके बाद इसमें निचोड़ा हरी मिर्च, प्याज, अदरक-लहसुन पेस्ट और कद्दूकस किए गए नारियल को डालकर गोल्डन होने तक अच्छी तरह से भून लें.
- अब इसमें नमक, धनिया पाउडर, हल्दी और गरम मसाला डालें.
- इसमें निचोड़ा हुआ करेला डालकर उसे अच्छी तरह से पका लें.
- अगर आप चाहें, तो मैश किए हुए आलू भी इसमें डाल सकते हैं.
कैसे बनाएं करेले के पराठे?
करेले के पराठे बनाने के लिए आटा लें और उसमें नमक, घी और पानी डालकर अच्छी तरह गूंथ लें और फिर 15 मिनट के लिए छोड़ दें. अब इसकी छोटी लोइयां बनाकर दो पतली रोटियां बेल लें. अब एक रोटी के ऊपर करेले की फिलिंग रखें और दूसरी से उसे कवर कर दें और बेल लें. इसके बाद हल्का ऑलिव ऑयल या घी लगाकर उसे गोल्डन और क्रिस्पी होने तक अच्छी तरह से सेंक लें. अब ये करेले के पराठे तैयार हैं और उसे हरी चटनी या चाय के साथ खा सकते हैं.