बिहार से अक्सर ऐसी खबरें सामने आती हैं जो सोशल मीडिया पर तहलका मचा देती हैं, लेकिन इस बार जो हुआ, उसे देखकर आप अपनी आंखों पर यकीन नहीं कर पाएंगे. खगड़िया जिले में एक मोबाइल चोर को चोरी करना इतना भारी पड़ गया कि उसे अपनी जान बचाने के लिए चलती ट्रेन की खिड़की से लटककर 9 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ा. इस रोंगटे खड़े कर देने वाले वाकये का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे देखकर हैरान हैंय आइए जानते हैं कि आखिर चलती ट्रेन में यह ‘हाई-वोल्टेज ड्रामा’ कैसे शुरू हुआ.
खिड़की से हाथ डाला और पकड़ी गई चोरी
यह पूरी घटना बरौनी-कटिहार पैसेंजर ट्रेन (जनहित एक्सप्रेस) की है. जैसे ही ट्रेन खगड़िया के मानसी स्टेशन से खुली और रफ्तार पकड़ने लगी, तभी ट्रैक के किनारे खड़े एक शातिर चोर ने बहती गंगा में हाथ धोने की सोची. उसने ट्रेन की खिड़की के अंदर हाथ डालकर एक यात्री का मोबाइल छीनने की कोशिश की. लेकिन चोर यह भूल गया कि ट्रेन के भीतर बैठे यात्री उससे भी ज्यादा अलर्ट थे. जैसे ही उसने हाथ अंदर डाला, पैसेंजर्स ने फुर्ती दिखाते हुए उसका हाथ अंदर से कसकर पकड़ लिया.
यात्रियों ने 9 KM तक नहीं छोड़ा हाथ
अब ट्रेन रफ्तार पकड़ चुकी थी और चोर के पैर जमीन से ऊपर उठ चुके थे. अगर यात्री उसका हाथ छोड़ देते, तो वह ट्रेन के नीचे आ जाता और उसकी जान भी जा सकती थी. यात्रियों ने सूझबूझ दिखाई और सजा के तौर पर उसका हाथ तब तक नहीं छोड़ा जब तक कि ट्रेन अगले स्टेशन यानी खगड़िया नहीं पहुंच गई. लगभग 9 किलोमीटर के इस पूरे सफर में चोर खिड़की के बाहर हवा में लटकता रहा, हाथ जोड़ने लगा और भीख मांगता रहा कि ‘भैया हाथ मत छोड़ना, नहीं तो मर जाऊंगा’. ट्रेन के अंदर मौजूद कुछ यात्रियों ने इस पूरे नजारे का वीडियो बना लिया, जो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है.
पुलिस के सामने बन गया अनजान
जैसे ही ट्रेन खगड़िया स्टेशन पर रुकी, यात्रियों ने राहत की सांस ली और आरोपी को तुरंत रेलवे पुलिस (GRP) के हवाले कर दिया. पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो उसने पहले अपनी पहचान छिपाने के लिए झूठ बोला और गलत नाम बताया. हालांकि, सख्ती से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी ने खुद को बरकत मंसूरी बताया. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरकत का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उस पर पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं. फिलहाल, उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें:- शादी से मुकर गया बॉयफ्रेंड तो फंदा डालकर गले लगाई मौत; चिट्ठी में लिख दी आखिरी ख्वाहिश, फिर घर वालों ने जो किया…