फिल्मों पर क्यों लगती है U, UA और A की मुहर? जानें CBFC रेटिंग का पूरा मतलब, कितने तरीके और क्या है मतलब?
CBFC Rating: जब भी कोई फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होती है, तो उसके पोस्टर या प्रचार में अकसर CBFC (Central Board of Film Certification) सर्टिफिकेट की रेटिंग दिखाई देती है लेकिन क्या आप जानते हैं कि U, UA 7+, UA 13+, UA 16+, A और S सर्टिफिकेट का क्या मतलब होता है? ये सर्टिफिकेट तय करते हैं कि किसी फिल्म को कौन-सी उम्र के दर्शक देख सकते हैं और किन दर्शकों के लिए पैरेंटल गाइडेंस जरूरी है. इसी सर्टिफिकेट के बाद ये तय होता है कि वो फिल्म देखने के लिए थिएटर में किस उम्र के लोगों को एंट्री मिलेगी? आइए जानते हैं कि ये रेटिंग कितनी तरह की होती है और इसका मतलब क्या है?
U सर्टिफिकेट का क्या मतलब है?
U का मतलब यूनिवर्सल होता है. इस सर्टिफिकेट वाली फिल्में आमतौर पर सभी उम्र के दर्शकों के लिए सही मानी जाती हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक कोई भी इन्हें देख सकता है. ऐसी फिल्मों में ऐसा कुछ नहीं होता है, जो बच्चों के लिए या बुजुर्गों के लिए खराब हो.
UA 7+ सर्टिफिकेट
UA 7+ का मतलब है कि फिल्म को 7 साल या उससे अधिक उम्र के बच्चे देख सकते हैं. 7 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए पैरेंटल गाइडेंस जरूरी माना जाता है. इस सर्टिफिकेट वाली फिल्मों में कुछ ऐसे दृश्य या विषय हो सकते हैं, जिन्हें छोटे बच्चों को समझने में परेशानी हो सकती है.
UA 13+ सर्टिफिकेट
UA 13+ सर्टिफिकेट वाली फिल्मों में ऐसा कंटेंट हो सकता है, जो कम उम्र के बच्चों के लिए सही नहीं होता है. 13 साल से कम उम्र के दर्शकों के लिए पैरेंटल गाइडेंस की सलाह दी जाती है.
UA 16+ सर्टिफिकेट
UA 16+ वाली फिल्में बड़े किशोरों के लिए है. 16 साल से कम उम्र के दर्शकों के लिए माता-पिता या अभिभावक के मार्गदर्शन की जरूरत हो सकती है. फिल्म में गंभीर विषय, हिंसा या अन्य ऐसा कंटेंट हो सकता है, जिसे कम उम्र के दर्शकों के लिए सावधानी के साथ देखने की सलाह दी जा सकती है.
A सर्टिफिकेट का मतलब
A का मतलब एडल्ट से है. इस सर्टिफिकेट वाली फिल्में केवल 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के दर्शकों के लिए होती हैं. इस सर्टिफिकेट वाली फिल्मों को नाबालिग दर्शक देखने नहीं जा सकते. ऐसे दर्शकों को ऐसी फिल्में देखने के लिए सिनेमाघरों में एंट्री नहीं मिलती है.
S सर्टिफिकेट किसे मिलता है?
S यानी स्पेशल सर्टिफिकेट. यह सर्टिफिकेट आम दर्शकों के बजाय किसी विशेष वर्ग या पेशे से जुड़े लोगों के लिए बनाई गई फिल्मों को दिया जाता है. उदाहरण के लिए किसी फिल्म की सामग्री डॉक्टर, वैज्ञानिक या किसी अन्य विशेष पेशेवर समूह के लिए बनाई गई हो सकती है.