शाहरुख खान की टीम का बुरा हाल! IPL 2026 में नहीं खुला जीत का खाता, ये 5 वजहें बना रहीं कमजोर
Kolkata knight Riders: बॉलीवुड किंग शाहरुख खान की कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) आईपीएल 2026 में बेहद खराब फॉर्म से जूझ रही है. केकेआर की टीम अभी तक इस सीजन अपनी जीत का खाता भी नहीं खोल पाई है. कोलकाता ने कुल 5 मैच खेले हैं, जिनमें 4 हार का सामना करना पड़ा और एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया. 14 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम पहली जीत की तलाश में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैदान पर उतरी थी. हालांकि इस मैच में केकेआर को निराशा ही मिली. चेन्नई सुपर किंग्स ने केकेआर को 32 रनों से हरा दिया. ऐसे में केकेआर की इस खस्ता हालत को लेकर क्रिकेट के गलियारों में खूब चर्चा हो रही है. ऐसे में आइए जानते हैं कि ऐसी कौन सी बड़ी वजहें हैं, जिनकी वजह से केकेआर को बुरी हार का सामना करना पड़ रहा है.
कैमरन ग्रीन का खराब प्रदर्शन
केकेआर ने ऑस्ट्रेलिया ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा है, लेकिन इस हिसाब से उन्होंने प्रदर्शन नहीं किया. कैमरन ग्रीन न 5 पारियों में (18, 2, 4, 32, 0) कुल 56 रन ही बनाए हैं. वहीं, गेंदबाजी में सिर्फ 1 विकेट हासिल किया है.
अजिंक्य रहाणे की कप्तानी
केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर भी सवाल उठ रहे हैं. उनकी कप्तानी में टीम के खिलाड़ियों में एनर्जी और जोश ही दिखाई नहीं दे रहा है. खिलाड़ी के तौर पर भी अजिंक्य रहाणे ने कुछ खास कमाल नहीं किया है. उन्होंने 5 पारियों में सिर्फ 152 रन बनाए हैं. एक्सपर्ट्स की मानें, तो रहाणे टीम के सभी प्लेयर्स को एकजुट करने में नाकाम रहे हैं.
वरुण चक्रवर्ती का फ्लॉप शो
केकेआर के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती अपने करियर के खराब दौर से गुजर रहे हैं. IPL 2026 में वरुण चक्रवर्ती बेअसर दिखाई दे रहे हैं. वह 3 मैचों में 9 ओवर गेंदबाजी कर चुके हैं, जिनमें 11 से ज्यादा की इकॉनमी से रन लुटाए हैं. अभी तक उनके विकेटों का खाता भी नहीं खुला है.
टॉप ऑर्डर की नाकामी
कोलकाता नाइट राइडर्स का टॉप ऑर्डर लगातार फ्लॉप चल रहा है. फिन एलन और अजिंक्य रहाणे की जोड़ी शुरुआती 4 मैचों में फ्लॉप रही. इसके बाद फिन एलन के साथ सुनील नरेन को आजमाया गया, लेकिन यह भी फेल हो गया. फिल एलन ने 5 पारियों में (37, 28, 6, 9, 1) कुल 81 रन ही बना पाए हैं.
रिंकू सिंह का निराशाजनक प्रदर्शन
केकेआर के अनुभवी फिनिशर बल्लेबाज रिंकू सिंह भी लय में नजर नहीं आ रहे हैं. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ रिंकू सिंह 12 गेंदों में सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए. इससे पहले उन्होंने 3 पारियों में 33, 35 और 4 रन बनाए. रिंकू सिंह अभी तक इस सीजन अपनी टीम के लिए एक अच्छी फिनिश नहीं दे पाए हैं.
गलत कॉम्बिनेशन
केकेआर की टीम अपना सही कॉम्बिनेशन नहीं चुन पा रही है. उनकी स्क्वाड में टिम सीफर्ट और मनीष पांडे जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, लेकिन उन्हें मौका नहीं दिया जा रहा है. CSK से हार के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे ने भी इस बात को स्वीकार किया.
प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे हैं. उनके खाते में सिर्फ 1 प्वाइंट है, जो पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच रद्द होने के बाद मिला था. केकेआर को इस सीजन 5 मैचों में 4 हार का सामना करना पड़ा है.
KKR का अगला मैच
केकेआर की टीम अपना अगला मुकाबला 17 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलने के लिए उतरेगी. इस मैच में केकेआर इस सीजन की पहली जीत हासिल करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी.