14 साल की उम्र में हुए अनाथ, कॉस्मेटिक्स बेचकर करते थे गुजारा, आसान नहीं था ‘सर्किट’ का जीवन
Arshad Warsi: अरशद वारसी बॉलीवुड के सबसे चहेते और बहुमुखी अभिनेताओं में से एक हैं, जिन्होंने वर्षों से अपने सहज अभिनय और शानदार हास्य-व्यंग्य से कई दिलों को जीता है. मुन्ना भाई एमबीबीएस के ‘सर्किट’ अरशद वारसी आज अपना 58वां जन्मदिन मना रहे हैं, लेकिन यह शोहरत उन्होंने आसानी से हासिल नहीं की है; सफलता की उनकी ये यात्रा बेहद कठिन रही है. उनका शुरूआती जीवन काफी संघर्षों से भरा रहा है. आइये जानते हैं उनसे जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें!
14 साल की उम्र में हुए अनाथ
महज 14 साल की उम्र में अरशद वारसी अनाथ हो गए थे और उन्हें मुंबई में जीवन यापन के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने 10वीं कक्षा के बाद स्कूल भी छोड़ दिया था।
कॉस्मेटिक्स बेचकर किया गुजारा
अपना गुजारा चलाने के लिए, अरशद वारसी ने घर-घर जाकर सौंदर्य प्रसाधन बेचने का काम किया और बाद में एक फोटो लैब में काम किया.
कोरियोग्राफर के रूप में किया काम
फिल्मों में आने से पहले, अरशद वारसी ने सहायक निर्देशक और कोरियोग्राफर के रूप में काम किया. उन्होंने अनिल कपूर और श्रीदेवी की 1993 में आई फिल्म 'रूप की रानी चोरों का राजा' में एक गाने की कोरियोग्राफी भी की थी.
बच्चन फैमिली ने दिया पहला बड़ा ब्रेक
अरशद वारसी की पहली फिल्म थी 'तेरे मेरे सपने'. यह फिल्म अमिताभ बच्चन की कंपनी एबीसीएल बैनर के तले बनी थी, जिसके बाद वो कई फिल्मों में नजर आये. उन्होंने 'बेताबी,' 'मेरे दो अनमोल रत्न,' और 'हीरो हिंदुस्तानी' जैसी कई फिल्मों में काम किया, लेकिन सर्किट के किरदार ने सिनेमा में उन्हें एक अलग पहचान दी.
सपोर्टिंग कलाकार के रूप में छा गए 'सर्किट'
मुन्ना भाई MBBS में सर्किट के रोल के बाद अरशद ने कई फिल्मों में सपोर्टिंग कलाकार के रूप में काम किया, जिनमें उनके किरदार को बेहद पसंद किया गया. इनमें से प्रमुख फिल्में हैं 'गोलमाल', 'धमाल' और 'मैंने प्यार क्यों किया.'
शादी
अरशद वारसी का विवाह पूर्व अभिनेत्री मारिया गोरेटी से हुआ है. इस जोड़े ने 14 फरवरी, 1999 को शादी की थी. उनकी मुलाकात जेवियर कॉलेज में हुई, जहां अरशद कोरियोग्राफर थे और एक डांस प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभा रहे थे जिसमें मारिया भाग ले रही थीं.