Rakhee Gulzar: राखी गुलजार के बर्थडे पर जैकी श्रॉफ ने शेयर की अनदेखी तस्वीर, लिखा दिल छू लेने वाला मैसेज
Rakhee Gulzar Birthday: 15 अगस्त का दिन भारत के इतिहास में बेहद खास है. इसी दिन देश आजाद हुआ था और इसी तारीख को हिंदी सिनेमा की एक ऐसी अभिनेत्री का जन्म हुआ, जिसने अपनी सादगी, भावनात्मक अभिनय और दमदार किरदारों से लोगों के दिलों में खास पहचान बनाई. ये कहानी है राखी गुलजार की, जो आज अपना 79वां जन्मदिन मना रही हैं. उनके खास दिन पर अभिनेता जैकी श्रॉफ ने भी उन्हें पुराने दिनों की एक अनदेखी तस्वीर के साथ बधाई दी हैं.
जैकी श्रॉफ ने शेयर किया पोस्ट
जैकी श्रॉफ ने सोशल मीडिया पर राखी गुलजार की एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने राखी के काम और उनसे जुड़ी यादों को याद करते हुए लिखा कि उनकी यादें हमेशा दिलों में जिंदा रहेंगी. जैकी का यह अंदाज फैंस को भी काफी पसंद आया और देखते ही देखते पोस्ट चर्चा में आ गई.
राणाघाट से शुरू हुई कहानी
राखी का जन्म 15 अगस्त 1947 को पश्चिम बंगाल के राणाघाट में हुआ था. बचपन से ही उन्हें एक्टिंग का काफी शौक था. उस दौर में फिल्मों में करियर बनाना आसान नहीं था लेकिन राखी ने अपने सपने को मंजिल तक पहुंचाने के लिए मेहनत जारी रखी. साल 1967 में बंगाली फिल्म 'वधूवरण' से उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा. इसके बाद हिंदी सिनेमा के दरवाजे उनके लिए खुले और 'जीवन मृत्यु' के जरिए उन्होंने बॉलीवुड में अपनी पहचान बनानी शुरू की. देखते ही देखते राखी उन एक्ट्रेस की लिस्ट में शामिल हो गईं, जिनके नाम से फिल्म की कहानी में एक अलग बात हो जाती थी.
गुलजार से मुलाकात ने बदल दी जिंदगी
फिल्मी सफर के दौरान राखी की मुलाकात मशहूर गीतकार और लेखक गुलजार से हुई. दोनों की जान-पहचान धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई और साल 1973 में दोनों ने शादी कर ली. इस शादी से उनकी बेटी मेघना गुलजार का जन्म हुआ, जो आगे चलकर फिल्म निर्देशन में अपनी पहचान बनाने में सफल रहीं. हालांकि, राखी और गुलजार का रिश्ता ज्यादा समय तक साथ नहीं चल पाया. फिल्मों में राखी के काम करने को लेकर दोनों के बीच मतभेद की बातें सामने आती रहीं. इसके बाद दोनों अलग रहने लगे. इसके बावजूद राखी ने अपने करियर और बेटी की जिंदगी को आगे बढ़ाया.
आखिरी फिल्म के बाद बदल गई जिंदगी
राखी ने हिंदी और बंगाली सिनेमा में कई यादगार किरदार निभाए. साल 2003 में आई फिल्म 'शुभ मुहूर्त' में वह आखिरी बार पर्दे पर नजर आईं. इस फिल्म में उनके अभिनय को खूब सराहा गया और उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया. इसके बाद राखी ने फिल्मी दुनिया की चकाचौंध से दूरी बना ली.
अब कहां हैं राखी गुलजार?
रिपोर्ट्स के मुताबिक वह मुंबई के पास पनवेल स्थित अपने फार्महाउस में सुकून भरी जिंदगी बिता रही हैं. आज वह पर्दे पर नजर नहीं आतीं, लेकिन उनकी फिल्मों के किरदार अब भी दर्शकों के जेहन में मौजूद हैं. राखी गुलजार की कहानी यही बताती है कि कलाकार कैमरे से दूर हो सकता है लेकिन उसकी कला और यादें कभी पर्दे से उतरती नहीं हैं.