टैक्सी चलाई, कार साफ की और बर्तन धोए… नसीरुद्दीन शाह ने बदली जिंदगी, घोड़े ने बचाया रणदीप हुड्डा का करियर
Randeep Hooda: बॉलीवुड में बहुत से ऐसे एक्टर हैं, जिन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए काफी मशक्कत की. रणदीप हुड्डा भी ऐसे ही एक्टर्स की लिस्ट में आते हैं. आज वह बेहतरीन एक्टर, फिटनेस और अपने अलग अंदाज के लिए पहचाने जाते हैं लेकिन इस मुकाम पर पहुंचना काफी मुश्किल था. फिल्मों में आने से पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में टैक्सी चलाने से लेकर कार साफ करने और बर्तन धोने तक का काम किया. एक वक्त ऐसा आया, जब फिल्मों में काम न मिलने की वजह से उनका करियर लगभग ठप्प हो गया था, फिर एक घोड़े ने उनकी किस्मत बदल दी.
रणदीप हुड्डा का जन्म
रणदीप हुड्डा का जन्म 20 अगस्त 1976 को हरियाणा के रोहतक में हुआ. पढ़ाई के बाद वह ऑस्ट्रेलिया चले गए. वहां उन्होंने बिजनेस मैनेजमेंट और ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट की पढ़ाई की. विदेश में रहने के दौरान उन्होंने अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए कई तरह के काम किए.
ऑस्ट्रेलिया में किए छोटे-मोटे काम
रणदीप ने टैक्सी चलाने के साथ-साथ कार साफ करने और रेस्टोरेंट में बर्तन धोने तक का काम किया. यह दौर उनके लिए आसान नहीं था लेकिन इसी अनुभव ने उन्हें जिंदगी को करीब से देखने का मौका दिया. बाद में उन्होंने भारत लौटकर एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने का फैसला किया.
नसीरुद्दीन शाह से मिली सीख
मुंबई आने के बाद रणदीप ने थिएटर का रुख किया. यहीं उन्हें दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के साथ काम करने और उनसे सीखने का मौका मिला. रणदीप नसीरुद्दीन शाह को अपना गुरु भी मानते हैं. थिएटर ने रणदीप की एक्टिंग को मजबूत आधार दिया और उन्हें किरदार को सिर्फ निभाने के बजाय उसे समझने की कला सिखाई. उनका फिल्मी डेब्यू 2001 में आई फिल्म 'मॉनसून वेडिंग' से हुआ. फिल्म में उनका काम नोटिस किया गया लेकिन इसके बावजूद उन्हें लगातार बड़े मौके नहीं मिले.
जब करियर पर लग गया था ब्रेक
कई फिल्मों में काम करने के बावजूद वह उस तरह की पहचान नहीं बना पा रहे थे जिसकी उन्हें तलाश थी. एक समय ऐसा भी आया जब उन्हें लगा कि शायद बॉलीवुड में उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं चलेगा. फिर उनकी जिंदगी में घोड़ों के प्रति उनका जुनून काम आया.
घोड़े ने बदली किस्मत
रणदीप को घुड़सवारी का शौक बचपन से रहा है और वह पोलो से भी जुड़े रहे हैं. इसी शौक ने उन्हें एक ऐसा मौका दिया जिसने उनके करियर को नई दिशा दी. इसके बाद फिल्म 'रंग रसिया' और 'हाईवे' जैसी फिल्मों में रणदीप की एक्टिंग को काफी पसंद किया गया.
जरूरत के हिसाब से बदला शरीर
उनकी सबसे बड़ी पहचान उनके किरदारों में किए गए बदलाव से बनी. उन्होंने फिल्मों के लिए अपने शरीर और लुक में जबरदस्त बदलाव किए. फिल्म 'सरबजीत' में उन्होंने जिस तरह खुद को किरदार के लिए बदला, उसने सभी को हैरान कर दिया था. इसके बाद रणदीप हुडा को एक ऐसे अभिनेता के तौर पर देखा जाने लगा जो किसी भी किरदार में पूरी तरह ढल सकता है.