Govinda and Sunita Ahuja Divorce: मुंबई के बांद्रा फैमिली कोर्ट के बाहर बुधवार को अचानक हलचल बढ़ गई. सुनीता आहूजा अपने बेटे यशवर्धन आहूजा के साथ कोर्ट से बाहर निकलीं तो पैपराजी ने उन्हें घेर लिया. कैमरों के बीच उनसे लगातार निजी जिंदगी से जुड़े सवाल पूछे जाने लगे. इस दौरान यशवर्धन अपनी मां के लिए परेशान नजर आए और उन्हें सुरक्षित तरीके से कार तक लेकर गए. सुनीता ने शुरुआत में किसी सवाल का जवाब नहीं दिया. हालांकि कार में बैठते वक्त उन्होंने मुस्कुराते हुए मजाक में कहा, ‘बर्थडे मनाने आए हैं.’
हालांकि कुछ ही देर में कोर्ट जाने की असली वजह सामने आ गई. सुनीता वहां पति गोविंदा से तलाक लेने नहीं बल्कि पहले से चल रहे तलाक के केस को वापस लेने पहुंची थीं. इस खबर के सामने आने के बाद पिछले कई महीनों से गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर चल रही अटकलों पर भी काफी हद तक विराम लग गया है.
क्यों कोर्ट पहुंचीं सुनीता?
गोविंदा और सुनीता के रिश्ते में अनबन की खबरें काफी समय से चर्चा में थीं. इसी बीच सामने आया था कि दिसंबर 2024 के आसपास बांद्रा फैमिली कोर्ट में तलाक से जुड़ी एक याचिका दायर की गई थी. हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के वकीलों ने मामले को आपसी सहमति से सुलझाने की कोशिश शुरू कर दी. अब गोविंदा के मैनेजर ने भी इस बात की पुष्टि की है कि सुनीता आहूजा पुराना केस वापस लेने के लिए कोर्ट पहुंची थीं. रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों के बीच पुराने मतभेदों को सुलझाने की कोशिश की गई और अब मामला खत्म करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है.
बयानों से बढ़ी थी रिश्ते में दरार की चर्चा
पिछले कुछ महीनों में सुनीता अपने बेबाक बयानों की वजह से लगातार सुर्खियों में रही हैं. उनके कुछ बयानों के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई थी कि गोविंदा और उनके रिश्ते में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है. इसी दौरान गोविंदा का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वह अपनी पत्नी से सार्वजनिक तौर पर संयमित भाषा का इस्तेमाल करने की अपील करते नजर आए. उन्होंने इशारों में कहा था कि परिवार की प्रतिष्ठा को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक मंच पर कठोर शब्दों से बचना बेहतर है. ऐसे में तलाक का पुराना केस वापस लेने की खबर ने कहानी को एक अलग मोड़ दे दिया है.
39 साल से साथ हैं गोविंदा और सुनीता
बता दें कि गोविंदा और सुनीता ने साल 1987 में शादी की थी. गोविंदा के करियर के कठिन और सुनहरे दौर में भी सुनीता उनके साथ मजबूती से खड़ी रहीं. दोनों ने करीब चार दशक के वैवाहिक जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं लेकिन उनका रिश्ता लंबे समय से बॉलीवुड की चर्चित जोड़ियों में शामिल रहा है. दोनों के दो बच्चे हैं. एक बेटी टीना आहूजा और बेटा यशवर्धन आहूजा हैं. बुधवार को कोर्ट में भी यशवर्धन अपनी मां के साथ मौजूद थे और पैपराजी के सवालों से उन्हें बचाते नजर आए. ऐसे में अब कयास लगाए जा रहे हैं कि सुनीता और गोविंदा फिर से साथ आ सकते हैं.