सावन में जुबान पर होते हैं ये गाने, गीतकारों ही नहीं, एक्टिंग ने भी किया कमाल
Sawan Special Songs: सावन का महीने आते ही मौसम में हरियाली के साथ दिलों में भी एक अलग ही उमंग छा जाती है. बारिश की फुहार, झूले, मेहंदी और सखियों के साथ मस्ती का अपना ही रंग होता है. ऐसे में बॉलीवुड के कुछ गाने सावन की खूबसूरती में चार चांद लगा देते हैं. इनके खूबसूरत बोल के साथ ही कलाकारों की अदाओं और अदाकारी ने उन्हें और भी दीवाना बना दिया है. इनके गाने अब भी लोगों की प्लेलिस्ट में शामिल हैं. महिलाएं अक्सर सावन के महीने में इन गानों को सुनना पसंद करते हैं.
सावन का महीना पवन करे शोर
1967 की फिल्म मिलन में एक सावन का गाना है. इस गाने के बोल हैं, 'सावन का महीना पवन करे शोर.' ये गाना आज भी लोगों की पसंदीदा गानों की लिस्ट में शामिल है. इस गाने को सुनील दत्त और नूतन पर फिल्माया गया है. उनकी शानदार एक्टिंग लोगों को काफी पसंद आई. इस गाने को मुकेश और लता मंगेशकर ने आवाज दी. इस गाने को आनंद बख्शी ने लिखा था. वहीं लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने संगीत दिया है.
अब के सजन सावन में
1975 में आई धर्मेंद्र और शर्मिला टैगोर की फिल्म चुपके-चुपके में 'अब के सजन सावन में' गाना है. ये गाना बारिश और रोमांस के माहौल को खूबसूरती से पेश करता है. इस गाने को गुलजार ने लिखा और आशा भोसले ने इसे आवाज दी थी. इस गाने के बोल और म्यूजिक का कॉम्बिनेशन सावन के मौसम के साथ ही प्यार और मिलन की चाहत दिखाई देती है.
मेघा रे-मेघा रे
सावन और बारिश का जिक्र हो तो 'मेघा रे मेघा रे' को कैसे भुलाया जा सकता है. फिल्म 'प्यासा सावन' का यह गीत बारिश की खूबसूरती और भावनाओं को बेहद खूबसूरती से सामने रखता है. गाने की धुन और बोल सुनते ही मन में काले बादल, बारिश की बूंदें और सावन का खुशनुमा मौसम उतर आता है. इस गाने की खासियत इसकी भावुकता और मधुर संगीत है.
बरसो रे मेघा मेघा
साल 2007 में आई फिल्म 'गुरु' का 'बरसो रे मेघा मेघा' सावन के पारंपरिक रंग और आधुनिक संगीत का शानदार मेल है. ऐश्वर्या राय बच्चन पर फिल्माया गया ये गाना बारिश की खुशी और आजादी के एहसास को दिखाता है. इस गाने में श्रेया घोषाल की आवाज ने जान डाल दी. गाने में ऐश्वर्या का डांस और एक्सप्रेशन को काफी पसंद किया गया.
टिप टिप बरसा पानी
सावन के गानों में बारिश की बात हो और 'टिप टिप बरसा पानी' का नाम न आए, ऐसा कैसे मुमकिन है. 1994 में आई फिल्म 'मोहरा' के इस गाने में अक्षय कुमार और रवीना टंडन की जबरदस्त केमिस्ट्री देखने को मिली थी. उदित नारायण और अलका याग्निक की आवाज, आनंद बख्शी के बोल और विजू शाह का संगीत गाने को यादगार बनाते हैं. बारिश के बीच रवीना टंडन की अदाओं ने इस गाने को आइकॉनिक बना दिया.