Delhi Property Dealer Murder Case: राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके कालकाजी में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक प्रॉपर्टी डीलर की मौत से हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान 48 वर्षीय मंजीत सिंह के रूप में हुई है. घटना कालकाजी के एल ब्लॉक की बताई जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
प्रॉपर्टी के सिलसिले में एल ब्लॉक पहुंचे थे मंजीत
जानकारी के मुताबिक, मंजीत सिंह प्रॉपर्टी के काम से एल ब्लॉक स्थित एक प्रॉपर्टी पर पहुंचे थे. इसी दौरान वहां विवाद हुआ और उन पर हमला किए जाने की बात सामने आई है. हमले में मंजीत गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के दौरान उनके भाई पर भी हमला किया गया, जिसमें उन्हें चोटें आईं. बाद में दोनों को अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने मंजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके घायल भाई का इलाज जारी है.
सड़क पर पड़े मिले मंजीत
मृतक के भाई दिलबाग ने बताया कि शनिवार देर शाम उन्हें सूचना मिली कि उनके भाई का झगड़ा हुआ है. इसके बाद वह अपनी बहन के साथ एल ब्लॉक पहुंचे. वहां उन्होंने मंजीत को सड़क पर गिरा हुआ देखा. दिलबाग के मुताबिक, इस दौरान आरोपियों ने उन पर भी हमला किया और उनकी पिटाई की. इसके बाद घायल अवस्था में उन्हें और मंजीत को अस्पताल ले जाया गया.
बहन ने लगाया हत्या का आरोप
मंजीत की बहन का आरोप है कि उनके भाई की पीट-पीटकर हत्या की गई. उन्होंने बताया कि मंजीत प्रॉपर्टी का काम करते थे और इसी सिलसिले में वह एल ब्लॉक गए थे. परिजनों के अनुसार, जब वे मौके पर पहुंचे तो मंजीत सड़क पर पड़े थे और उनके शरीर से खून निकल रहा था. परिवार ने मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
ये भी पढ़ें: Zia-ul-Haq Case: क्या था जियाउल हक हत्याकांड? जिससे राजा भैया को मिली राहत; CBI ने लिया बड़ा फैसला
पुलिस कर रही मामले की जांच
बताया जा रहा है कि शुरुआती तौर पर विवाद की वजह प्रॉपर्टी से जुड़ा मामला मानी जा रही है. हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी. मंजीत अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गए हैं.