जिसे पर्दे पर मिला बेशुमार प्यार, असल जिंदगी में झेलने पड़े रिश्तों के दर्द… दो शादियों के बावजूद अकेले की बेटी पलक की परवरिश
Shweta Tiwari: टीवी की दुनिया में जब भी उन एक्ट्रेस का जिक्र होता है, जिन्होंने घर-घर में अपनी पहचान बनाई, तो श्वेता तिवारी का नाम जरूर आता है. कसौटी जिंदगी की से प्रेरणा बनकर उन्होंने दर्शकों के दिल में ऐसी जगह बनाई कि लोग उन्हें उनके किरदार के नाम से पहचानने लगे. कैमरे के सामने मुस्कुराने वाली श्वेता की असल जिंदगी में कई ऐसे मोड़ आए, जहां उन्हें रिश्तों के दर्द से अकेले गुजरना पड़ा.
राजा चौधरी से शादी
श्वेता ने बेहद कम उम्र में एक्टर राजा चौधरी से शादी की. दोनों की शादी 1998 में हुई और साल 2000 में उनकी बेटी पलक तिवारी का जन्म हुआ. हालांकि, शादीशुदा जिंदगी लंबे समय तक सहज नहीं रही. श्वेता ने बाद में अपने रिश्ते में घरेलू हिंसा के आरोपों को लेकर खुलकर बात की. आखिरकार दोनों का रिश्ता टूट गया और 2007 में उनका तलाक हो गया.
अभिनव कोहली से की दूसरी शादी
इसके बाद श्वेता की जिंदगी में एक्टर अभिनव कोहली आए. दोनों ने 2013 में शादी की और 2016 में उनके बेटे रेयांश का जन्म हुआ लेकिन कुछ सालों बाद इस रिश्ते में भी विवाद सामने आने लगे. श्वेता ने घरेलू हिंसा और प्रताड़ना के आरोप लगाए. वहीं अभिनव ने इन आरोपों को खारिज किया था.
बेटी ने किया इमोशनल सपोर्ट
इन सबके बीच श्वेता के लिए सबसे बड़ी जिम्मेदारी थी उनके बच्चे. खासतौर पर बेटी पलक ने अपनी मां के संघर्षों को बेहद करीब से देखा. श्वेता ने एक इंटरव्यू में बताया था कि मुश्किल समय में पलक ने उन्हें इमोशनल सपोर्ट किया और कई बार मां की तरह उनका ख्याल रखा.
अकेले की पलक की परवरिश
पलक की परवरिश श्वेता की जिंदगी का सबसे अहम हिस्सा बन गई. काम, घर और बच्चों की जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने अपनी बेटी को मजबूत बनाने की कोशिश की. खुद पलक ने भी बाद में अपनी परवरिश को लेकर कहा कि उन्हें अपने घर में प्यार और अपनापन कभी कम महसूस नहीं हुआ. उन्होंने अपनी मां के बनाए माहौल को एक मजबूत सपोर्ट सिस्टम के तौर पर याद किया.
टीवी की दुनिया से फिल्मों में एंट्री
उधर करियर की बात करें तो श्वेता ने 1999 में टीवी की दुनिया में कदम रखा और कसौटी जिंदगी की ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया. इसके बाद परवरिश, बेगूसराय और मेरे डैड की दुल्हन जैसे शोज में भी नजर आईं. 2010 में उन्होंने बिग बॉस 4 का खिताब भी जीता. टीवी की लोकप्रियता के बाद श्वेता ने फिल्मों का रुख भी किया और मकड़ी, बिन बुलाए बाराती और सिंघम अगेन जैसी फिल्मों में नजर आईं.