इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे अब पहली बार किसी विदेशी टी20 लीग में खेलते नजर आएंगे. रहाणे को आगामी यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) के पहले सीजन के लिए एम्स्टर्डम फ्लेम्स ने अपना मार्की खिलाड़ी बनाया है. फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को उनके साथ करार की घोषणा की. यह फैसला रहाणे के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास लेने के करीब आठ दिन बाद आया है. ऐसे में उनके लिए यह नई पारी की शुरुआत मानी जा रही है.
रहाणे भले ही टेस्ट क्रिकेट में अपनी शानदार बल्लेबाजी के लिए ज्यादा पहचाने जाते हैं, लेकिन टी20 फॉर्मेट में भी उनके पास अच्छा अनुभव है. उन्होंने अब तक 308 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें 30.29 की औसत और 126.77 के स्ट्राइक रेट से 7,968 रन बनाए हैं. उनके नाम इस फॉर्मेट में 56 अर्धशतक और दो शतक भी हैं. ऐसे में एम्स्टर्डम फ्लेम्स को उम्मीद होगी कि रहाणे का अनुभव टीम के लिए काफी उपयोगी साबित होगा.
यूरोप में क्रिकेट को बढ़ावा देना चाहते हैं रहाणे
एम्स्टर्डम फ्लेम्स से जुड़ने के बाद रहाणे ने कहा कि क्रिकेट ने उन्हें बहुत कुछ दिया है और अब वह खेल को मजबूत बनाने में अपना योगदान देना चाहते हैं. उन्होंने यूरोप में क्रिकेट के बढ़ते अवसरों को लेकर आभार जताया. रहाणे ने कहा कि वह एम्स्टर्डम फ्लेम्स के साथ मिलकर एक मजबूत टीम बनाने और यूरोप में क्रिकेट की अगली पीढ़ी को प्रेरित करने के लिए काम करना चाहते हैं.
स्टीव वॉ ने की रहाणे की तारीफ
एम्स्टर्डम फ्लेम्स के सह-संस्थापक और हेड क्रिकेट अधिकारी स्टीव वॉ ने भी रहाणे के टीम से जुड़ने पर खुशी जताई. उन्होंने रहाणे को टैलेंट, धैर्य, विनम्रता और नेतृत्व का बेहतरीन उदाहरण बताया. स्टीव वॉ के मुताबिक, दबाव में शांत रहने और टीम का नेतृत्व करने की रहाणे की क्षमता फ्लेम्स के लिए काफी फायदेमंद होगी. टीम में स्टीव स्मिथ, टिम डेविड, माइकल ब्रेसवेल और मिशेल मार्श जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं. मिचेल मार्श टीम की कप्तानी करेंगे. ईटीपीएल का पहला सीजन 26 अगस्त से शुरू होगा.